नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ का है मामला

मनेंद्रगढ़ (शुद्धूलाल वर्मा) ! छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन विभाग के द्वारा हाल ही में थोक के भाव में प्रदेश के नगरीय निकाय के अधिकारियों का स्थानांतरण इधर से उधर किया गया है जिसमें मनेंद्रगढ़ नगर पालिका की एक अजीबोगरीब स्थिति सामने आई है जहां पर नगरीय प्रशासन विभाग ने एक राजस्व उप निरीक्षक को नगर पालिका मनेंद्रगढ़ में राजस्व उप निरीक्षक के पद पर ही स्थानांतरित किया है ! लेकिन राजस्व उप निरीक्षक अपने मूल पद पर पदभार ग्रहण न कर सीधे मुख्य नगरपालिका अधिकारी का पदभार ग्रहण कर मुख्य नगरपालिका अधिकारी के कुर्सी पर विराजमान हो गया है ! सीएमओ के पद पर पदभार ग्रहण किए राजस्व उप निरीक्षक का कहना है कि स्थानांतरण आदेश में त्रुटि है संशोधित आदेश निकल जाएगा ! अधिकारियों के मौखिक आदेश पर ही उसके द्वारा मुख्य नगरपालिका अधिकारी के पद पर पदभार ग्रहण किया गया है ! मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन विभाग के उपसचिव एच आर दुबे द्वारा 1 अप्रैल 2021 को प्रदेश के 53 नगरीय निकाय के अधिकारियों कर्मचारियों का स्थानांतरण आदेश जारी किया गया था। उक्त आदेश में बैकुंठपुर नगरपालिका कार्यालय में राजस्व उपनिरीक्षक के पद पर पदस्थ इशहाक खान का तबादला मनेन्द्रगढ़ नगरपालिका में राजस्व उपनिरीक्षक के पद पर ही किया गया। लेकिन मनेन्द्रगढ़ में पदस्थ प्रभारी मुख्य नगरपालिका अधिकारी हरदयाल रात्रे का स्थानांतरण नगर पंचायत टुंड्रा में प्रभारी सीएमओ के पद पर कर दिए जाने से यहां सीएमओ का पद खाली था! नगरीय प्रशासन विभाग के उप सचिव श्री दुबे द्वारा जारी आदेश में मनेंद्रगढ़ नगर पालिका में मुख्य नगरपालिका अधिकारी के पद पर किसी की नियुक्ति नहीं की गई थी लेकिन मनेंद्रगढ़ नगर पालिका में मुख्य नगरपालिका अधिकारी का पद खाली देखते हुए मौखिक आदेश का हवाला देते हुए 5 अप्रैल 2021 को नगर पालिका बैकुण्ठपुर से स्थानांतरित होकर राजस्व उपनिरीक्षक के पद पर आए इशहाक खान ने नगर पालिका मनेन्द्रगढ़ में मुख्य नगरपालिका अधिकारी का पदभार ग्रहण कर लिया और मुख्य नगरपालिका अधिकारी के कुर्सी पर विराजमान हो गए! जबकि शासन के आदेश में इशहाक खान बैकुंठपुर से मनेन्द्रगढ़ नगरपालिका राजस्व उप निरीक्षक पद पर भेजे गए है।
राजस्व उप निरीक्षक के पद पर तबादले में आये इशहाक खान ने एक तो नियम विरुद्ध तरीके से मनेन्द्रगढ़ नगरपालिका में मुख्य नगरपालिका अधिकारी का पदभार ग्रहण कर लिया वही दूसरी ओर नगरपालिका के जिस जिस बैंकों में खाते थे वहां अपना हस्ताक्षर भी भेजवा दिया। ऐसे में बात यह सामने आती है कि बगैर मुख्य नगरपालिका अधिकारी के पद पर पदोन्नति के आदेश के बिना नगरपालिका के अकॉउंटेन्ट ने कैसे इशहाक खान के हस्ताक्षर बैंक खातों में भिजवा दिए। इतना ही नही सोमवार को नियम विरुद्ध तरीके से पदभार ग्रहण के बाद राजस्व उप निरीक्षक पद पर मनेन्द्रगढ़ आये इशहाक खान ने किस अधिकार के तहत नपा के विभिन्न शाखाओं के कर्मचारियों की बैठक ले ली। वहीं मुख्य नगरपालिका अधिकारी मनेंद्रगढ़ के रूप में पदभार ग्रहण करने वाले बैकुण्ठपुर नगर पालिका से स्थानांतरित होकर आए राजस्व उपनिरीक्षक इशहाक खान का कहना है कि राजस्व उपनिरीक्षक मुख्य नगरपालिका अधिकारी होते हैं आदेश में त्रुटिपूर्ण टाइप हो गया है संशोधित आदेश निकल जाएगा !

सीएमओ पद पर पदभार ग्रहण करना नियम विरुद्ध

नगरीय प्रशासन विभाग सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक बी आर चौहान का कहना है कि राजस्व उप निरीक्षक के पद पर तबादला होने के बाद मुख्य नगरपालिका अधिकारी के पद पर पदभार ग्रहण करना नियम विरुद्ध है। वहीं नगरीय प्रशासन विभाग के उपसचिव एचआर दुबे का कहना है कि उनके द्वारा 1 अप्रैल 2021 को जो स्थानांतरण आदेश जारी किया गया है उसमें इशहाक खान को बैकुंठपुर नगरपालिका से मनेन्द्रगढ़ राजस्व उप निरीक्षक के पद पर भेजा गया है। मुख्य नगरपालिका अधिकारी के पद पर पदभार ग्रहण करना गलत है।

Categorized in: