0 सिंहदेव ने खमतराई इलाके में हथियार लहराकर खून की होली खेलते अपराधियों और साँकरा दुष्कर्म मामले के मुख्य आरोपी के खिलाफ तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव ने प्रदेश की राजधानी रायपुर के खमतराई में इलाके में बलवा व हत्या के प्रयास के रक्तरंजित अपराध की वारदात और सांकरा क्षेत्र में तीन साल की एक मासूम बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म के मुख्य आरोपी आकाश की गिरफ्तारी में पुलिस की विफलता को लेकर प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया है साथ ही उन्होंने मासूम बच्ची की उपचार के लिए अच्छे अस्पताल में समुचित व्यवस्था करने के लिए प्रदेश सरकार से मांग की है। श्री सिंहदेव ने कहा कि एक तरफ हथियार लहराकर खून बहाकर दहशतगर्दी का माहौल कायम किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर मासूम बच्चियों के साथ दरिंदगी की वहशियाना हरकतों पर सरकार काबू नहीं पा रही है। श्री सिंहदेव ने प्रदेश, विशेषकर राजधानी रायपुर में सरकार की नाक के नीचे दम तोड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर जमकर निशाना साधा है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री सिंहदेव ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के अब तक के शासनकाल में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस ने आम नागरिकों की सुरक्षित और शांतिपूर्ण जिंदगी को हर कदम पर खतरों से भर दिया है। कानून के राज का खौफ तो कायम कर पाने में यह सरकार पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। स्मार्ट पुलिसिंग के जुमलों में मशगूल प्रदेश सरकार सत्तारूढ़ दल के अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण ने छत्तीसगढ़ को अपराधगढ़ बना दिया है। मारपीट, अपहरण, दुष्कर्म, लूट, हत्या, डकैती, रंगदारी जैसे अपराधों पर अंकुश लगाने की जिम्मेदारी से दूर भागती प्रदेश सरकार सिर्फ सियासी नौटंकियाँ रच रही है और लगातार झूठे दावे करके अपनी वाहवाही करा रही है। श्री सिंहदेव ने कहा कि प्रदेश में लगातार दुष्कर्म की वारदातों का बढ़ता ग्राफ प्रदेश सरकार के नाकारापन को साबित करने के लिए पर्याप्त है, जिसके चलते मासूम बच्चियों से लेकर हर आयु वर्ग की महिलाओं की अस्मत और जान के लाले पड़े हुए हैं। राजधानी रायपुर के साँकरा क्षेत्र में तीन साल की बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म के मुख्य आरोपी की अब तक गिरफ्तारी नहीं होना भी सरकार की कार्यप्रणाली और नीयत पर सवाल खड़ा करने के लिए काफी है। दुष्कर्म पीड़िता बच्ची से मिलने अब तक किसी भी प्रशासनिक अधिकारी के नहीं पहुँचने को शासन-प्रशासन की संवेदनहीनता की पराकाष्ठा बताते हुए श्री सिंहदेव ने कहा कि पीड़ित बच्ची के परिवार को अब तक सरकार की तरफ से कोई आर्थिक मदद नहीं मिलना प्रदेश सरकार के गैर-जिम्मेदाराना रवैए की तस्दीक करता है। श्री सिंहदेव ने खमतराई इलाके में हथियार लहराकर खून की होली खेलते अपराधियों और साँकरा दुष्कर्म मामले के मुख्य आरोपी के खिलाफ तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

Categorized in: