मुख्यमंत्रियों संग पीएम मोदी की बैठक

नई दिल्ली – पीएम नरेंद्र मोदी ने आज देश के सभी राज्यों के सीएम के साथ कोरोना संकट पर चौथी बार चर्चा की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई इस चर्चा में कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने जहां 3 मई के बाद ही लॉकडाउन को बढ़ाने की अपील की तो वहीं, कुछ राज्यों ने इसे शर्तों के साथ हॉटस्पॉट इलाकों में जारी रखने की बात कही। पीएम मोदी ने बैठक में कहा कि देश में लॉकडाउन का लाभ हुआ है और दूसरे देशों की तुलना में भारत की स्थिति अच्छी है।

पीएम बोले- 3 मई के बाद सतर्क रणनीति बनानी होगी प्रधानमंत्री नरेन्द मोदी ने कहा कि देश में लॉक डाउन का निश्चित तौर पर असर पड़ा और कोरोना संकट क मामले में भारत पर वैसा व्यापक असर नहीं पड़ा जितना दूसरे देशों पर पड़ा। लेकिन अब जान भी जहान को ध्यान में रखते हुए 3 मई के बाद सतर्क भरी रणनीति बनानी होगी जिसमें लोगों की आजीविका भी सामान्य होने की ओर बढ़े और रोग के रोकथाम के लिए हर जरूरी एहतियात कदम बने रहे। पीएम ने मीटिंग में कहा कि यह लंबी लड़ाई है, हमको धैर्यपूर्वक लड़ना है।

3 मई के बाद लॉकडाउन बढ़ाने के समर्थन में कई सीएम
सूत्रों के अनुसार बैठक में कई सीएम 3 मई के बाद भी लॉकडाउन बढ़ाने की अपील की। महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और पंजाब के सीएम राज्यों में कोरोना के बढ़ते मामले के कारण पहले ही लॉकडाउन बढ़ाने की बात कह चुके हैं। वहीं, तेलंगाना ने 7 मई तक लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान कर रखा है।

हाटस्पॉट इलाके में ही रहेगा लॉकडाउन?
सूत्रों ने बताया कि कुछ राज्यों ने सलाह दी की जहां कोरोना के ज्यादा मामले हैं केवल वहीं लॉकडाउन जारी रखा जाना चाहिए और बाकी हिस्से में धीरे-धीरे करके इसमें ढील दी जानी चाहिए।

मेघालय के सीएम का ट्वीट
मेघालय के सीएम कोनार्ड संगमा ने कहा कि पीएम मोदी के साथ वीडिया कॉन्फ्रेंस में हमने 3 मई के बाद भी लॉकडाउन बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘हमने इस बैठक में 3 मई के बाद भी लॉकडाउन बढ़ाने की अपील की है। इसमें ग्रीन जोन और जहां कोरोना का असर नहीं है वहां गितिविधियों में ढील देने की अपील की है।’