जिपं सदस्य पायल सिंह तोमर ने कहा-श्रमिकों को शासन की हर योजना का लाभ मिले

अंबिकापुर। असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को शासन की योजनाओं से जोड़ने और उनके सर्वांगीण उत्थान के उद्देश्य से जिला पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायतों में श्रमिक पंजीयन एवं नवीनीकरण शिविर की शुरुआत की गई है।

विकासखंड अंबिकापुर के ग्राम पंचायत सुखरी स्थित पंचायत भवन में प्रथम शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर के मार्गदर्शन तथा जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक 02 अंबिकापुर की सदस्य पायल विश्व विजय तोमर की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण अंचल के ऐसे श्रमिक जिनका श्रम विभाग में पंजीयन नहीं हुआ है, या उनका पुराना पंजीयन नवीनीकरण के अभाव में निष्क्रिय हो गया है। पंजीयन नहीं होने से वे मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता, औजार सहायता योजना, नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना, मेधावी छात्र-छात्रा शिक्षा प्रोत्साहन, मातृत्व एवं शिशु सहायता, दुर्घटना बीमा, पेंशन और अंत्येष्टि सहायता जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

पहले दिन दिखा उत्साह
सुखरी में आयोजित शिविर में सुबह से ही श्रमिकों की भीड़ उमड़ी। महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में पहुंचकर पंजीयन कराया। शिविर स्थल पर आवेदन फॉर्म भरने, दस्तावेज सत्यापन और ऑनलाइन एंट्री की व्यवस्था की गई थी। जिला पंचायत सदस्य पायल सिंह तोमर स्वयं टेबल पर बैठकर श्रमिकों से संवाद किया और फॉर्म भरवाते नजर आईं। उनके साथ पंचायत प्रतिनिधि एवं समिति के सदस्य भी मौजूद रहे।

लक्ष्य: पात्र श्रमिक पंजीयन से ना छूटें
जिला पंचायत सदस्य पायल सिंह तोमर ने कहा, हमारा लक्ष्य है कि जिला पंचायत क्षेत्र का एक भी पात्र श्रमिक पंजीयन से न छूटे। श्रमिक हमारे विकास की नींव हैं, उन्हें शासन की हर योजना का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने सभी समिति सदस्यों, सरपंचों, पंचों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं से आग्रह किया है कि वे अपने-अपने गांव में ऐसे श्रमिकों को चिन्हित कर शिविर की सूचना दें और उन्हें पंजीयन केंद्र तक लाने में मदद करें। आने वाले दिनों में जिला पंचायत के अन्य ग्राम पंचायत क्षेत्रों में भी इसी क्रम में शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर की तिथि और स्थान की जानकारी ग्राम पंचायतों के माध्यम से दी जाएगी।

शिविर में करा सकते हैं नवीनीकरण
शिविर में आधार कार्ड, बैंक पासबुक और श्रमिक प्रमाण पत्र के साथ पहुंचकर तत्काल पंजीयन एवं नवीनीकरण कराया जा सकता है। श्रमिक पंजीयन एवं नवीनीकरण शिविर में जिला पंचायत सदस्य पायल विश्व विजय तोमर के साथ ग्राम सुखरी की सरपंच कुमारी बाई श्याम, भाजपा ग्रामीण मंडल मंत्री कमला बाई, भाजपा मंडल मंत्री रवि गुप्ता, एल्डरमैन श्रीधर केशरी, ओबीसी मोर्चा से अविनाश कुशवाहा, दिगम्बर यादव, अजय राजवाड़े, राधे, गंगा राजवाड़े, गौतम कुशवाहा एवं श्रमिक जन उपस्थित रहे।

Categorized in: