चेन्द्रा जंगल के पास सुबह 5 बजे हुआ हादसा, नींद की झपकी बनी वजह

अंबिकापुर। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रायगढ़ रोड पर अलसुबह दो ट्रकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा चेन्द्रा जंगल के पास सुबह करीब 5 बजे हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर लोड ट्रक को काफी नुकसान पहुंचा। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी की जानहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार एक ट्रेलर में नया ट्रैक्टर लोड था और वह रायगढ़ की ओर जा रहा था। पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के समय दूसरे ट्रक चालक को नींद में झपकी आ गई थी, जिसके कारण ट्रक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रैक्टर लोड ट्रक से टकरा गया। टक्कर के बाद एक ट्रक सड़क से नीचे उतर गई। ट्रैक्टर लोड ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। नए ट्रैक्टर को भी नुकसान पहुंचा है। गनीमत रही कि दोनों ट्रकों के चालक और क्लीनर बाल-बाल बच गए।

लोगों की जुटी भीड़, यातायात प्रभावित

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर इकट्ठा हो गए। सुबह के समय हुए इस हादसे के कारण कुछ देर के लिए रायगढ़ रोड पर यातायात भी प्रभावित हुआ। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने यातायात सामान्य कराया। प्रारंभिक जांच में लापरवाही और नींद की झपकी को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

Categorized in: