न्यायालय की गरिमा और सार्वजनिक हित में निर्माण कार्य तत्काल रोकने की मांग

अंबिकापुर। जिला न्यायालय अंबिकापुर के अधिवक्ताओं ने कला केन्द्र परिसर में प्रस्तावित दुकानों के निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग को लेकर कलेक्टर सरगुजा को ज्ञापन सौंपा।

अधिवक्ताओं ने ज्ञापन में कहा है कि कला केन्द्र नगर के मध्य स्थित एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक सार्वजनिक स्थल है, जो कलेक्टोरेट परिसर के ठीक सामने, जिला न्यायालय के समीप स्थित है। यहां प्रतिवर्ष मेला, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, शासकीय आयोजन और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। वर्तमान में नगर में ऐसा कोई अन्य उपयुक्त सार्वजनिक स्थल उपलब्ध नहीं है। प्रस्तावित निर्माण स्थल जिला न्यायालय से अत्यंत निकट है। यहां व्यवसायिक दुकानों का निर्माण और उससे उत्पन्न भीड़, यातायात का दबाव, अव्यवस्था एवं शोर-शराबा न्यायालय की गरिमा एवं न्यायिक कार्यों की सुचारू व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव डालेगा।

अधिवक्ताओं ने कहा कि यदि कला केन्द्र जैसे सार्वजनिक स्थल को व्यवसायिक उपयोग हेतु परिवर्तित किया गया तो न केवल ऐतिहासिक धरोहर का स्वरूप नष्ट होगा, बल्कि भविष्य में नगरवासियों को सार्वजनिक आयोजनों के लिए उपयुक्त स्थान से भी वंचित होना पड़ेगा।

अधिवक्ताओं की 3 मांगें

0 जनहित एवं न्यायालय परिसर की संवेदनशीलता को देखते हुए कला केन्द्र परिसर में प्रस्तावित दुकानों के निर्माण कार्य पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए।  

0 उक्त परियोजना की समस्त प्रशासनिक एवं वैधानिक स्वीकृतियों की समीक्षा कराई जाए।  

0 अधिवक्ताओं, नागरिक संगठनों एवं संबंधित हितधारकों से विचार-विमर्श उपरांत ही कोई निर्णय लिया जाए।

Categorized in: