युवा आयोग अध्यक्ष ने किया ट्रांसफार्मर का शुभारंभ, 100 किसानों को मिलेगा लाभ

अंबिकापुर। ग्राम पंचायत कतकालो के किसानों की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो गई। क्षेत्र में विद्युतीकरण विस्तार होने से अब लगभग 100 किसानों के 300 एकड़ खेतों में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। नए पम्प कनेक्शन मिलने से गांव में खुशी का माहौल है।

छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने फीता काटकर और बल्ब जलाकर नए ट्रांसफार्मर का शुभारंभ किया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य पायल सिंह तोमर भी उपस्थित रहीं। ग्रामीणों ने पंचायत चुनाव के समय इनके समक्ष खेतों तक बिजली पहुंचाने की मांग रखी थी। किसानों का कहना था कि बिजली के अभाव में सिंचाई के लिए उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ती थी। डीजल पम्प पर निर्भर रहने के कारण खेती महंगी पड़ती थी। मांग पूरी होने पर ग्रामीणों ने पायल सिंह तोमर और युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर का आभार व्यक्त किया। किसानों ने कहा कि अब समय पर सिंचाई हो सकेगी और फसल का उत्पादन भी बढ़ेगा।

100 किसानों को होगा सीधा फायदा

विद्युतीकरण विस्तार से कतकालो पंचायत के लगभग 100 किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। करीब 300 एकड़ कृषि भूमि में अब बिजली से चलने वाले पम्पों के माध्यम से सिंचाई की जा सकेगी। इससे न केवल लागत कम होगी बल्कि रबी और खरीफ दोनों फसलों की पैदावार में भी बढ़ोतरी की उम्मीद है। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने कहा कि यह सुविधा उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है। अब वे बिजली कनेक्शन लेकर अपने खेतों में पम्प स्थापित कर सकेंगे।

अधिकारी-कर्मचारी, ग्रामीण रहे मौजूद

शुभारंभ कार्यक्रम में बिजली विभाग के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को क्षेत्र के कृषि विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि विद्युतीकरण से क्षेत्र का कृषि विकास तेज होगा और किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा।

Categorized in: