महापौर और सभापति ने किया औचक निरीक्षण, व्यापारियों से संवाद कर समस्याएं सुनी

अंबिकापुर। शहर के प्रतीक्षा बस स्टैंड की व्यवस्था सुधारने के लिए नगर पालिक निगम की महापौर मंजूषा भगत और सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी ने 4 अगस्त, मंगलवार को बस स्टैंड का औचक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं का जायजा लिया और व्यापारियों व अधिकारियों के साथ बैठक कर समस्याओं के समाधान पर चर्चा की।

महापौर ने निगम स्वामित्व की दुकानों से अवैध कब्जा हटाने, दुकानदारों द्वारा सामान को व्यवस्थित रूप से रखने और परिसर की साफ-सफाई दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यूरिनल, टॉयलेट, नाली और पूरे बस स्टैंड परिसर की सफाई व्यवस्था नियमित होनी चाहिए। साथ ही वॉटर कूलर, वाटर एटीएम सहित पीने के पानी और अन्य उपयोग के लिए जल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। अंतरराज्यीय बस स्टैंड में बाहर से आने वाले यात्रियों को कोई असुविधा न हो इसके लिए वेटिंग हॉल का नवीनीकरण, शेड के नीचे से अवैध अतिक्रमण हटाने, रैन बसेरा को व्यवस्थित करने और बिल्डिंग व परिसर की रिपेयरिंग कराने पर जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं अधिकारियों से विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर एमआईसी सदस्य मनीष सिंह, वरिष्ठ पार्षद आलोक दुबे, एमआईसी सदस्य जितेंद्र सोनी, श्वेता गुप्ता, सुशांत घोष, पार्षद शैलेश कुमार सिंह, दीपक यादव, अनिल तिवारी, आकाश गुप्ता, सिंधु सोनी सहित नगर निगम अंबिकापुर के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Categorized in: