भाजपा ने एसएसपी को सौंपा ज्ञापन, दबाव बनाने वालों पर भी कार्रवाई की मांग

कांग्रेस नेता पर समझौते के लिए दबाव बनाने का लगा आरोप

अंबिकापुर। सरगुजा के ग्राम भफौली में नाबालिग आदिवासी बालिका से दुष्कर्म के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने और पीड़ित परिवार पर समझौते का दबाव बनाए जाने से भाजपा में आक्रोश है। भारतीय जनता पार्टी सरगुजा के जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपी तरुण जायसवाल की तत्काल गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी मांग की,पीड़ित परिवार पर समझौता करने का दबाव बनाने वाले लोगों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री फुलेश्वरी सिंह, भाजपा जिला महामंत्री अरुणा सिंह, निलेश सिंह, सत्यम साहू, जन्मेजय मिश्रा, रूपेश दुबे, रविकांत उरांव, प्रियंका चौबे, सरस्वती यादव, अनीश सिंह, अविनाश मण्डल* सहित मोर्चा और पार्टी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

आरोपी प्रभावशाली, साक्ष्य हो सकते हैं प्रभावित

अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष बिंदेश्वरी पैकरा ने कहा कि नाबालिग आदिवासी बच्ची के साथ हुई घटना से पूरा समाज आक्रोशित है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी तरुण जायसवाल और उसके परिवारजन काफी प्रभावशाली हैं और अपनी पहुंच का इस्तेमाल कर प्रकरण को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि आरोपी की गिरफ्तारी शीघ्र नहीं हुई तो वह पीड़िता और अन्य साक्षियों को प्रभावित कर सकता है।

अस्मिता से सौदा करना बेहद निंदनीय

बिंदेश्वरी पैकरा ने कांग्रेस नेता पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि परसा मंडल अध्यक्ष एवं पूर्व सरपंच विवेक पैकरा और उनके परिवार के लोग पीड़ित परिवार को आर्थिक प्रलोभन देकर समझौते के लिए दबाव बना रहे हैं। ‘आदिवासी अस्मिता से सौदा करना बेहद निंदनीय है। इससे कांग्रेस की आदिवासी समाज के प्रति सोच साफ झलकती है।

न्याय में देरी से भरोसा टूटेगा

भाजपा जिला महामंत्री विनोद हर्ष ने कहा कि यह घटना अत्यंत गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि, आरोपी पक्ष लगातार पीड़ित परिवार पर समझौते का दबाव बना रहा है। यदि ऐसे संवेदनशील मामलों में दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई नहीं होती है तो आम जनता का न्याय व्यवस्था से भरोसा उठ जाएगा।

महिला मोर्चा पीड़ित परिवार के साथ

भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष शुभांगी बिहाड़े ने बताया कि महिला मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल हाल ही में ग्राम भफौली जाकर पीड़िता और उसके परिजनों से मिला था। महिला मोर्चा इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है और उन्हें हर संभव न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। सभ्य समाज में महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ इस तरह के अपराध अस्वीकार्य हैं।

Categorized in: