एसएसपी ने वीडियो कॉल करके बढ़ाया हौसला, दी बधाई

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय पटल पर रोशन करने वाली छत्तीसगढ़ पुलिस की सहायक उप-निरीक्षक ज्ञानेश्वरी यादव ने इतिहास रचा है। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत और छत्तीसगढ़ का नाम वैश्विक पटल पर रोशन करने वाली अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलक और छत्तीसगढ़ पुलिस की सहायक उप-निरीक्षक ज्ञानेश्वरी यादव ने महिलाओं के 53 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया है। ज्ञानेश्वरी यादव ने इस स्पर्धा के स्नैच में 88 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 111 किलोग्राम वजन उठाया। कुल 199 किलोग्राम वजन के साथ उन्होंने पोडियम पर दूसरा स्थान प्राप्त किया।

इनकी इस ऐतिहासिक एवं गौरवशाली उपलब्धि पर डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने ज्ञानेश्वरी यादव से वीडियो कॉल के माध्यम से सीधा संपर्क किया और सरगुजा पुलिस और पूरे छत्तीसगढ़ पुलिस परिवार की ओर से होनहार खिलाड़ी को बड़ी सफलता पर बधाई, शुभकामनाएं और आशीर्वाद देकर हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उप-निरीक्षक के रूप में देश और समाज की सेवा करने के साथ खेल के मैदान पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऐसा उत्कृष्ट प्रदर्शन करना बेहद गर्व की बात है, उन्होंने ज्ञानेश्वरी की कड़ी मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि उनकी यह सफलता पूरे पुलिस बल सहित छत्तीसगढ़ के तमाम युवाओं और खेल प्रेमियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है। एसएसपी ने इस ऐतिहासिक जीत को महिला एएसआई के कठिन परिश्रम, अनुशासन और अटूट दृढ़ संकल्प का परिणाम बताया, और आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

Categorized in: