कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, फिल्टर प्लांट से लेकर सड़कों तक की खामियां गिनाईं  

अंबिकापुर। नगर निगम क्षेत्र में पेयजल संकट, सफाई व्यवस्था की दुर्दशा, बंद स्ट्रीट लाइट और जर्जर सड़कों को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक और नगर निगम नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।

ज्ञापन से पहले कांग्रेस प्रतिनिधियों ने शहर को पानी सप्लाई करने वाले तकिया और कतकालो फिल्टर प्लांट का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण में सामने आया कि दोनों प्लांट अपनी निर्धारित क्षमता से काफी कम जल शोधन कर रहे हैं। कांग्रेस ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि मड पंप लंबे समय से खराब पड़ा है। 6 क्लैरिफ्लोकुलेटरों में से 3 बंद हैं। फिल्टर बेड की नियमित सफाई नहीं हो रही है। एलम यानी फिटकरी की भारी कमी है। आवश्यक तकनीकी कर्मचारी उपलब्ध नहीं हैं। नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि निगम प्रशासन लगातार बिजली कटौती को जल संकट की वजह बता रहा है, लेकिन हकीकत में समस्या का कारण प्लांटों का खराब रखरखाव, संसाधनों की कमी और प्रशासनिक लापरवाही है। अगर समय पर इस ओर ध्यान दिया गया होता तो शहरवासियों को यह दिन नहीं देखना पड़ता। प्रतिनिधिमंडल में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धंजल, पार्षद हसन खान, पपिन्दर सिंह, मो. बाबर, मो. अख्तर चम्मा, शुभम जायसवाल, जेनेविवा कुजूर, लूकस एक्का, मंडल अध्यक्ष अमित सिन्हा, बालकेश्वर तिर्की शामिल रहे।

सफाई, लाइट और सड़कें भी बदहाल  

ज्ञापन में कांग्रेस ने कहा है कि कभी देश भर में मिसाल बनने वाली अंबिकापुर की सफाई व्यवस्था पिछले डेढ़ साल में पूरी तरह बिगड़ गई है। कई वार्डों में नियमित सफाई नहीं हो रही है। इसके अलावा शहर की अधिकांश स्ट्रीट लाइटें बंद हैं। कई सड़कें बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। 6 महीने पहले जिन सड़कों के टेंडर हुए, उनका काम आज तक शुरू नहीं हुआ है।

कलेक्टर से की गई ये मांग  

प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से मांग की, फिल्टर प्लांटों की तकनीकी जांच कराकर बंद उपकरणों की तत्काल मरम्मत की जाए। पर्याप्त तकनीकी स्टाफ और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। नियमित और स्वच्छ पेयजल आपूर्ति बहाल की जाए। सफाई व्यवस्था में सुधार और स्ट्रीट लाइटें चालू कराई जाएं। जर्जर सड़कों की मरम्मत कराकर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो जनहित में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

Categorized in: