पूर्व कैबिनेट मंत्री ने कहा-अगर पहले निर्णय ले लेते तो इज्जत बच जाती

अंबिकापुर। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के उपरांत सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी के द्वारा शनिवार को राजीव भवन से संगम चौक तक रैली निकाल आतिशबाजी करते हुए इस्तीफे के जश्न मनाया। मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस सहित पूरे देश में छात्र आंदोलनरत थे। सरकार के अडिग रहने के कारण कांग्रेस ने आज पूरे देश के जिला मुख्यालय में मशाल रैली निकालने का निर्णय लिया था। हालांकि उसके पूर्व ही मांग पूर्ण होने पर कांग्रेस ने इसे विजय रैली का स्वरूप दे दिया।

रैली उपरांत पूर्व केबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि अनगिनत पेपर लीक के कारण छात्रों की आत्महत्या होने से पूरे देश में छात्रों, उनके अभिभावकों और सामान्य नागरिकों में रोष था। नतीजा इस आंदोलन के रूप में उभरा, जिसका बर्बरतापूर्ण तरीके से मोदी सरकार ने दमन का प्रयास किया। सरकार अगर इस्तीफे पर पहले निर्णय ले लेती तो इज्जत बच जाती। कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष जेपी श्रीवास्तव ने कहा कि नीट पेपर लीक के उपरांत पेपर लीक, शिक्षा, रोजगार जैसे विषयों को लेकर हमारे सर्वोच्च नेता राहुल गांधी और कांग्रेस ने छात्र आंदोलन की नींव रखी, आज उस आंदोलन में एक प्रतीकात्मक विजय प्राप्त हुई है, लेकिन सुधार के रास्ते में लंबा रास्ता बाकी है।

निगम में नेता प्रतिपक्ष श$फी अहमद ने कहा कि देश में छात्रों ने अपनी एकजुटता से एक ऐतिहासिक आंदोलन किया जिसका नतीजा, सरकार को झुकना पड़ा है। पेपर लीक में अपनी जान गंवाने वाले छात्रों को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने छात्र एकता और उसकी सफलता को सलाम किया। प्रदेश कांग्रेस महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा से हमें यह नहीं मान लेना चाहिए कि यह सरकार शिक्षा और रोजगार को लेकर गंभीर होगी। यह एक छोटा कदम है, कांग्रेस युवाओं के हित में लड़ाई जारी रखेगी। पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने कहा कि सरकार के इस कदम से युवाओं का शिक्षा व्यवस्था में विश्वास कायम होगा, ऐसा होता नहीं दिखाई देता। इस सरकार ने दबाव में यह कदम उठाया है। इस सरकार से ज्यादा उम्मीद नहीं है। विजय रैली के दौरान कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष एवं ब्लॉक कार्यकारणी के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा संगठन के प्रमुख और उनके पदाधिकारी मौजूद थे।

Categorized in: