अंबिकापुर। शहर में नाबालिग बच्चे सूने मकानों को निशाना बना रहे हैं और चोरी कर सामान को कबाड़ी के यहां बेच रहे हैं, यह आरोप केदारपुर में पुराने नगर निगम के कार्यालय के सामने गली में रहने वालों का है। यहां 22 जुलाई को दिन-दहाड़े तीन नाबालिग बच्चों ने निजी स्कूल की शिक्षिका के सूने मकान में पीछे के दरवाजे को तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने कांस व पीतल के बर्तन के अलावा नकदी व सोने-चांदी का लाखों का जेवरात पार कर दिया। अपचारी बालकों ने चोरी के सामान को एक कबाड़ी के यहां बेचना बताया है। मामले में पुलिस ने दो नाबालिग और कबाड़ी को हिरासत में लिया है।

जानकारी के मुताबिक, शहर के केदारपुर की सरिता सिन्हा पति विनोद सिन्हा मोंटफोर्ट स्कूल में शिक्षिका हैं। वह रोजाना की भांति 22 जुलाई की सुबह 7.30 बजे अपने घर में ताला बंद करके स्कूल चली गई थीं। दोपहर करीब 3 बजे वापस लौटीं तो ताला पूर्ववत बंद था। ताला खोलकर अंदर गई तो पूरा सामान बिखरा हुआ था। घर के पीछे का दरवाजा टूटा हुआ था। शिक्षिका ने सामान का मिलान किया तो पता चला कि चोरों ने सोने का एक चेन, 4 नग अंगूठी, कांस व पीतल का बर्तन, चांदी के आधा दर्जन से अधिक सिक्के, लगभग 25 हजार रुपये नकद, सहित अन्य सामान की चोरी की है। इसकी जानकारी वह आसपास के लोगों को दी, और पड़ोसी के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को देखा तो पता चला कि दोपहर 12.54 बजे तीन नाबालिग लड़के मकान के पिछले हिस्से के दरवाजे को क्षतिग्रस्त करके अंदर प्रवेश किए और 2.35 बजे बोरियों में सामान को सहेजकर निकल लिए। शिक्षिका के पति ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो नाबालिग व एक कबाड़ी को हिरासत में लिया है। चोरी का सामान अपचारी बालकों के द्वारा कबाड़ी को बेचना बताया जा रहा है।

कबाड़ी की भूमिका सवालों के घेरे में

मोहल्ले के लोगों का कहना है कि चोरी का माल खपाने में कबाड़ी की भूमिका अहम है। पूर्व में भी वह ऐसे मामलों में जेल जा चुका है। पूछताछ करने पर उसके द्वारा किसी प्रकार का जेवर, सिक्का, नकद रकम अपचारी बालकों के द्वारा नहीं लाकर देने की बात कही जा रही थी। सवाल यह उठता है कि लाखों का जेवर और बर्तन कहां गया। हैरत वाली बात यह है कि कबाड़ी के द्वारा बच्चों के द्वारा लाकर दिए गए सामानों को किसी फेरीवाले को बेचने की बात कही जा रही थी, जो मोहल्ले के लोगों को गले नहीं उतर रही थी।

Categorized in: