राजेंद्र ठाकुर (राजू)
ब्यूरो कार्यालय बलरामपुर

बलरामपुर जिले के नगर पंचायत राजपुर के पार्षद विश्वास कुमार गुप्ता ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह की कार्यप्रणाली और उनकी शिकायतों के निराकरण को लेकर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
पार्षद विश्वास कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रदेश, केंद्र और नगर पंचायत में एक ही दल की सरकार होने के बावजूद राजपुर नगर पंचायत में विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उनका आरोप है कि नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा विभिन्न मामलों में की गई शिकायतों को न तो प्रशासन गंभीरता से ले रहा है और न ही उनके ही दल के जनप्रतिनिधि अपेक्षित पहल कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत में स्ट्रीट लाइट की खरीद, सीएमओ पर लगाए गए डीजल चोरी के आरोप तथा परिषद बैठक पंजी में कथित कूटरचना कर प्रतीक्षा बस स्टैंड में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से जुड़े मामलों में अध्यक्ष द्वारा शिकायतें की गई थीं। इन मामलों में अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं।
पार्षद का दावा है कि डीजल चोरी के मामले में आरोप प्रमाणित होने के बावजूद संबंधित सीएमओ के विरुद्ध अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि यदि अध्यक्ष की शिकायतों पर भी प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है, तो इससे “ट्रिपल इंजन सरकार” के दावों पर भी सवाल उठते हैं।
पार्षद विश्वास कुमार गुप्ता ने कहा कि यदि नगर पंचायत अध्यक्ष अपने ही कार्यकाल में शिकायतों का समाधान कराने में सफल नहीं हो पा रहे हैं, तो उन्हें नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।

Categorized in: