व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, बस-ट्रक में काम करने वालों पर भी है नजर

अंबिकापुर। शहर में बाहरी राज्यों से आकर किराये के छोटे-बड़ेे मकानों में रह रहे लोगों की पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज ने समाचार पत्रों के माध्यम से सामने आ रही खबरों और वरिष्ठ पार्षद आलोक दुबे के द्वारा इस संबंध में कराये गये ध्यानाकर्षण के बाद घुसपैठियों और संदिग्ध किरायेदारों की पहचान के लिए विशेष अभियान शुरू करने के निर्देश दिये हैं, इसके पालन में संदिग्ध व्यक्तियों, मुसाफिरों की जांच, पहचान एवं निर्वासन हेतु सघन जांच अभियान गुरूवार को चलाया गया।

जिले की कानून व्यवस्था को मजबूत एवं सुदृढ़ करने, अपराधों की रोकथाम सहित नियंत्रण करने की दिशा में पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के निर्देश पर डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेेत्रों में बाहरी प्रांतों से आये एवं वर्तमान में जिले में निवासरत व्यक्तियों की जांच, पहचान कर मुसाफिरी दर्ज करना शुरू कर दिया है। थाना व चौकी प्रभारियों को संदिग्धों के विरुद्ध सख्ती से वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये हैं। इसके पालन में पुलिस टीमों ने किराए में निवासरत व्यक्तियों, निचली बस्तियों, अंदरूनी कालोनियों, पान ठेला, गुमटी संचालकों, होटलों एवं अन्य व्यवसायिक संस्थानों में बाहर से आकर काम कर रहे व्यक्तियों, बस-ट्रक संचालकों के चालक, कंडक्टर, क्लीनर एवं अन्य व्यवसायिक वाहनों में कार्यरत व्यक्तियों की जांच करके संबंधितों का पहचान पत्र एवं अन्य दस्तावेज देखा। मौके पर पहचान पत्र एवं अन्य दस्तावेजों की जांच परख की गई। पुलिस टीम ने प्राप्त पहचान पत्रों का भौतिक सत्यापन करके मकान मालिकों, व्यवसायिक संस्थानों के संचालकों को कार्यरत व्यक्तियों एवं किरायेदारों से संबंधित जानकारियों को थाने में प्रस्तुत करने कहा गया। बस-ट्रकों में कार्यरत व्यक्तियों की बारीकी से जांच की गई। पुलिस टीम ने थाना अंतर्गत विभिन्न होटल, ढाबा की चेकिंग कर संस्थानों में कार्यरत व्यक्तियों की जानकारी प्राप्त की, साथ ही मकान मालिकों एवं होटल संचालकों को किसी किरायेदार अथवा होटल में ठहरे व्यक्तियों के संदिग्ध आचरण पर इसकी जानकारी सरगुजा पुलिस के संबंधित थाने या हेल्पलाइन नंबर पर देने की समझाइस दी गई।

125 मकानों, व्यवसायिक संस्थानों की जांच

सघन जांच अभियान के दौरान पुलिस टीम ने लगभग 125 मकानों, व्यवसायिक संस्थानों, बस ट्रक संचालकों के यहां कार्यरत एवं निवासरत करीब 450 व्यक्तियों के पहचान पत्र का सत्यापन किया। सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से आपके आसपास अवैध रूप से रह रहे, छिप कर रह रहे संदिग्ध व्यक्तियों/मुसाफिरों के संबंध में किसी भी प्रकार की सूचना प्राप्त होने पर उक्त सूचना को त्वरित सरगुजा पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 9479193599 अथवा डॉयल 112 में देने कहा है, जिससे सूचना की तस्दीकी एवं वैधानिक कार्रवाई पुलिस टीम कर सके। सूचना देने वाले की जानकारी पुलिस टीम द्वारा गोपनीय रखी जायेगी।

पुलिस टीम घर-घर कर रही पूछताछ

पुलिस टीम के द्वारा किरायेदार कहां से आया है और क्या काम करता है, मकान मालिक ने थाने में सूचना दी है या नहीं, जानकारी लेकर इनके आधार कार्ड, वोटर आईडी सहित वास्तविक पहचान से संबंधित दस्तावेज की जांच कर रही है। संदेह होने की स्थिति में इनके मूल निवास से संबंधित थाने की पुलिस से संपर्क करके कोई अपाराधिक मामला तो दर्ज नहीं है, इसकी भी जानकारी हासिल कर रही है।

Categorized in: