फायर सेफ्टी, बायोमेडिकल वेस्ट एवं चिकित्सकों के पंजीयन सहित सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण करने के निर्देश

अंबिकापुर। जिले में संचालित निजी स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्ता, सुरक्षा एवं नियमानुसार स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सरगुजा द्वारा आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत जिले के समस्त निजी नर्सिंग होम, पैथोलॉजी लैब, डायग्नोस्टिक सेंटर, लैब एवं कलेक्शन सेंटर के संचालकों को नर्सिंग होम एक्ट-2010 के प्रावधानों के अनुरूप सभी आवश्यक दस्तावेज एवं प्रमाण-पत्र शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी निजी स्वास्थ्य संस्थानों में नर्सिंग होम एक्ट-2010 के निर्धारित मानकों का पालन अनिवार्य होगा। संस्थानों में एक्स-रे बॉक्स, इमरजेंसी किट, अग्नि सुरक्षा (फायर सेफ्टी) प्रमाण-पत्र, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन संबंधी प्रमाण-पत्र तथा संबंधित चिकित्सकों का छत्तीसगढ़ मेडिकल काउंसिल में वैध पंजीयन अनिवार्य रूप से उपलब्ध होना चाहिए। निर्देशों में कहा गया है कि मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक संस्थान में स्वच्छ एवं उपयोगी शौचालय, परिसर में नियमित साफ-सफाई तथा पर्याप्त वाहन पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही सूचना पटल पर कार्यरत चिकित्सकों के नाम, शैक्षणिक योग्यता, पंजीयन संबंधी जानकारी, उपलब्ध रहने का समय तथा संस्थान में उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं का स्पष्ट उल्लेख अनिवार्य रूप से प्रदर्शित किया जाए। जिन निजी स्वास्थ्य संस्थानों के दस्तावेज अथवा आवश्यक प्रमाण-पत्र अभी अपूर्ण हैं, वे उन्हें शीघ्र पूर्ण कर संबंधित अभिलेख कार्यालय में प्रस्तुत करने कहा गया है ताकि अनुज्ञप्ति एवं पंजीयन संबंधी प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया है कि विभागीय निरीक्षण दौरान निर्धारित मानकों का उल्लंघन अथवा आवश्यक दस्तावेजों में कमी पाए जाने पर नर्सिंग होम एक्ट-2010 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित संस्थान की अनुज्ञप्ति एवं पंजीयन स्थगित किए जाने की अनुशंसा भी की जा सकती है।

निजी स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण करने समिति गठित

जिले में संचालित नर्सिंग होम, अस्पताल, क्लिनिक, पैथोलैब के सतत निरीक्षण एवं समय-समय पर विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की जांच, आवश्यक कार्रवाई हेतु नर्सिंग होम एक्ट 2010 के तहत निजी स्वास्थ्य संस्थाओं मानकों, मापदण्डों के तहत जांच करने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा समिति का गठन किया गया है। इसमें नोडल अधिकारी नर्सिंग होम एक्ट डॉ. पी.के सिन्हा, जिला परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. बी.सी. पैकरा, नोडल अधिकारी पी.सी.पी.एन.डी.टी. एक्ट डॉ. स्मिता परतवार, स्त्री रोग विशेषज्ञ शहरी स्वास्थ्य केन्द्र नवापारा अंबिकापुर डॉ. सृष्टि पाण्डेय, आयुर्वेद अधिकारी डॉ. संतोष सिंह, नगर पालिक निगम के राजस्व निरीक्षक शिवेन्द्र कुमार बहादुर एवं शाखा प्रभारी नर्सिंग होम एक्ट संजय पाण्डेय समिति के सदस्य होंगे। समिति समय-समय पर निजी संस्थाओं का निरीक्षण कर प्रतिवेदन टीप, अनुशंसा सहित प्रस्तुत करेंगे।

Categorized in: