ऑपरेशन क्लीन’ के तहत 78 नशीले इंजेक्शन बरामद, एक आरोपी फरार

अंबिकापुर। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा की ‘ऑपरेशन क्लीन’ लगातार रंग ला रही है। 7 जुलाई को 20 नशीला इंजेक्शन के साथ पकड़े गए साहिल तिर्की को माल सप्लाई करने वाले सप्लायर को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी मूलत: ग्राम अलका, थाना चलगली, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज का रहने वाला है, इसका चचेरा भाई अभी फरार है, जिसकी पतासाजी उड़नदस्ता टीम कर रही है।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि 7 जुलाई को श्याम लाज, गंगापुर अंबिकापुर से साहिल तिर्की को 20 नग नशीला इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार करके जेल भेजा गया था। पूछताछ में साहिल ने बताया कि उसने ये इंजेक्शन थाना गांधीनगर के सुभाष नगर, महामाया गर्ल्स हॉस्टल वाली गली में किराये के मकान में रहने वाले नितेश और सौरभ गुप्ता से खरीदे थे, दोनों भाई बलरामपुर जिला के चलगली के रहने वाले हैं।

छापे में 78 इंजेक्शन बरामद

साहिल के बयान के आधार पर शाम को ही उड़नदस्ता टीम ने सुभाष नगर के किराए के मकान में दबिश दी। वहां नितेश गुप्ता मिला, जो एक बैग लेकर कहीं निकलने वाला था। बैग की तलाशी लेने पर 39 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन और 39 नग एविल इंजेक्शन, कुल 78 नग नशीला इंजेक्शन मिला, जिसे टीम ने बरामद कर लिया। आरोपी नितेश गुप्ता को एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 सी एवं 29 के तहत गिरफ्तार किया गया। इसे आज 8 जुलाई को विशेष न्यायालय अंबिकापुर में पेश करके न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

ऑपरेशन क्लीन की बड़ी सफलता

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि नितेश गुप्ता उन सप्लायरों में से एक था, जो सरगुजा जिले में अभी बचे हुए थे। उसकी गिरफ्तारी ऑपरेशन क्लीन के तहत बड़ी सफलता है। फरार सौरभ गुप्ता की तलाश के लिए टीम लगातार दबिश दे रही है। इस कार्रवाई में उनके साथ प्रधान आरक्षक अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पांडेय, रणविजय सिंह और रोहित सोनवानीÓ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि, नशे के सौदागरों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। नशे के कारोबार में लगे लोगों की गुप्त सूचना कोई भी दे सकता है, ताकि ऐसे लोगों के विरूद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा सके।

Categorized in: