पूर्व उपमुख्यमंत्री सिंहदेव ने प्रभावितों से की मुलाकात, कांग्रेस ने मुख्यमंत्री का पुतला फूंका

अंबिकापुर। रायपुर के माना स्थित नकटी गांव में विधायक कॉलोनी बनाने के नाम पर बरसात में गरीबों के 85 घरों पर भाजपा सरकार की बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। सोमवार को प्रदेश की भाजपा सरकार ने बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती करके भरी बरसात में 85 घरों पर बुलडोजर चलवा दिया, इनमें 32 मकान इंदिरा आवास और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने थे। ग्रामीणों को भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने आश्वासन दिया था कि बरसात में किसी व्यक्ति का घर नहीं तोड़ा जायेगा। इसके बावजूद सोमवार को प्रशासन ने गरीबों के आशियाने पर बुलडोजर चलवा दिया।

गुरुवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ग्राम नकटी के दौरे पर गये और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। इसके उपरांत प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेशभर में मुख्यमंत्री के पुतला दहन के कार्यक्रम की घोषणा की, जिसके अनुसरण में शुक्रवार को पूरे प्रदेश के साथ सरगुजा जिला मुख्यालय अंबिकापुर में घड़ी चौक पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया। पुलिस के साथ भारी झूमा-झटकी के दौरान हुये पुतला दहन के कार्यक्रम में जेपी श्रीवास्तव, हेमंत सिन्हा, संजय विश्वकर्मा, मो. इस्लाम, इंद्रजीत सिंह धंजल, सत्येंद्र तिवारी, जगन्नाथ कुशवाहा, नुरुल अमीन सिद्दीकी, दुर्गेश गुप्ता, प्रशांत सिंह चीकू, सरोज साहू, एपी शांडिल्य, डॉ. लालचंद यादव, अतुल तिवारी, रसीद अहमद, संजय सिंह, शांतनु मुखर्जी, विकल झा, जीवन यादव, धर्मेंद्र ताम्रकार, निकी खान, सतीश बारी, शुभम जायसवाल, विनोद एक्का, विक्रम सोनपाकर, दिलीप धर, आलोक गुप्ता, हिमांशु जायसवाल, रोशन कन्नौजिया, धनमीत छाबड़ा, परवेज आलम गांधी सहित काफी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।

मानसून में घरों को उजाड़ना सुको के आदेश का उल्लंघन: पाठक

नकटी गांव के दौरे के बाद पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने सोशल मीडिया पर राज्य सरकार की इस कार्रवाई को अमानवीय और असंवेदनशील करार दिया है। इस घटना को लेकर भाजपा के अंदर भी सरकार और प्रशासन के प्रति असंतोष है। इसे रेखांकित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि भाजपा सांसद मामले में सरकार से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि मानसून में लोगों के घरों को उजाड़ना सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन है। मुख्यमंत्री को एक अक्षम प्रशासक बतलाते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के पास आम जनता और मीडिया के सवालों का जवाब नहीं है। हर बात पर उनका बस एक ही जवाब है ‘मोदी की गारंटी’। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पर सवाल उठाया कि प्रदेश के मुखिया होने के नाते प्रदेश और यहां की जनता के लिये उनकी कोई गारंटी है कि नहीं।

बलरामपुर में भी कांग्रेस ने प्रदर्शन करके मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया

बलरामपुर। जिला मुख्यालय में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशन पर चांदो चौक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की झूमा-झटकी भी देखने को मिली। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए नकटी गांव में कथित रूप से घर तोड़े जाने की घटना पर नाराजगी जताई।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव ने कहा कि नकटी गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी में रात के समय लोगों के घर तोड़े गए, जो अमानवीय कार्रवाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने पीड़ित परिवारों के आवास की व्यवस्था किए बिना ही कार्रवाई की। उन्होंने मांग की, प्रभावित परिवारों को न्याय दिया जाए, उन्हें आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाए और जिन लोगों ने कथित अत्याचार किया है, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए। पुतला दहन कार्यक्रम में रिपुजित सिंह, छोटू बंगाली, सुनील गुप्ता, अमित यादव, रामदेव जगते, देवनारायण मरावी, संजीव गुप्ता, बुद्धदेव पोया, शौकत अली, महमूद अंसारी, इंतखाब अंसारी, नीरज गुप्ता, लालसाय मिंज सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Categorized in: