एनएच 43 हुई खून से लाल, एक घायल का गंभीर स्थिति में चल रहा उपचार

अंबिकापुर/बतौली। सरगुजा जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-43 में अंबिकापुर-बतौली के बीच बासेन में पिकअप की ठोकर से बाइक सवार 3 युवक सड़क पर गिरकर जख्मी हो गये, इस दौरान 2 युवकों के सिर को ट्रक का चालक कुचलते निकल गया, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, एक युवक को गंभीर स्थिति में मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल अंबिकापुर रिफर कर दिया गया है। घटना के बाद खून से लथपथ सड़क देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गये। दुर्घटनाकारित दोनों वाहनों के साथ चालक मौके से फरार हो गये।

जानकारी के मुताबिक, बतौली थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 43 से लगे ग्राम बासेन में रविवार की रात करीब 8.30 बजे ग्राम मानपुर निवासी नान्हू पिता शिवबोध 30 वर्ष, जयप्रकाश पिता सुखराम 35 वर्ष अकल साय पिता धनसाय बाइक क्रमांक सीजी 15 डीडब्ल्यू 1719 में सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वाहन के चालक ने बतौली की ओर जा रहे बाइक सवार तीनों युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें बाइक में पीछे बैठे नान्हू एवं जयप्रकाश सड़क में गिर गये, इनके सिर को कुचलते अंबिकापुर से सीतापुर की ओर जा रही अज्ञात ट्रक का चालक निकल गया और मौके से फरार हो गया, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। अकल साय सड़क में दर्द में कराह रहा था, जिस पर राहगीरों और ग्रामीणों की नजर पड़ी और घटना की सूचना तत्काल डॉयल 112 को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहनों की आवाजाही को रोककर घायल को ग्रामीणों के सहयोग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली भिजवाया, जिसे गंभीर स्थिति में मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया है। घटनास्थल की स्थिति वीभत्स थी, दोनों युवकों का सिर कुचला शव देखकर लोग सिहर उठे। घटना की जानकारी मिलने पर घायल व मृतकों के स्वजन अस्पताल पहुंचे और चीख-पुकार की स्थिति बन गई।

एनएच काफी देर तक रहा जाम

सड़क हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग 43 में जाम की स्थिति निर्मित हो गई। घटनास्थल में एसडीओपी राजेन्द्र मंडावी व बतौली पुलिस टीम पहुंची और युवकों के शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली के मर्च्युरी में रखवाया। इसके बाद पुलिस को यातायात व्यवस्था सुगम बनाने मशक्कत करनी पड़ी। बतौली थाना पुलिस दुर्घटनाकारित वाहन के तलाश में जुट गई है। सोमवार को मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया है। घटना से गांव में शोक का माहौल है।

Categorized in: