बड़े संस्थानों में हाई फ्रिक्वेंसी के सीसीटीवी कैमरे लगाने सहित दिये गये अन्य निर्देश

अंबिकापुर। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा एवं नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर ने चेम्बर ऑ$फ कॉमर्स के सदस्यों सहित महत्वपूर्ण व्यापारिक संस्थान, ज्वेलर्स दुकान संचालकों की संयुक्त बैठक लेकर सुरक्षा के मापदंडों पर चर्चा की। इस दौरान आवश्यक सुरक्षा प्रबंध पर आम सहमति बनी।

व्यापारिक संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, आपराधिक घटनाओं में कमी लाने एवं नगर सुरक्षा में व्यापारी वर्ग की सक्रिय साझेदारी एवं सहयोग बनाये रखने के उद्देश्य से डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने चेम्बर ऑ$फ कॉमर्स के सदस्यों सहित ज्वेलर्स दुकान संचालकों एवं अन्य व्यापारिक संस्थानों के संचालको की बैठक लेकर नगर सुरक्षा के संबंध में आवश्यक चर्चा की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो एवं नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित संयुक्त बैठक में विषयवार चर्चा करके नगर सुरक्षा में सभी से सहयोग देने का आह्वान किया। इस दौरान दुकानों एवं संस्थाओं के सामने उच्च गुणवत्ता के सी.सी.टी.व्ही. कैमरा लगाने, कैमरे की टाइमिंग को सही रखने और मेमोरी स्टोरेज अधिक से अधिक समय तक का रखने पर आम सहमति बनी।

पुलिस ने बताये सुरक्षात्मक टिप्स

बैठक के दौरान चौक-चौराहों पर आधुनिक सी.सी.टी.व्ही. कैमरा लगाने एवं पहले से लगे सी.सी.टी.व्ही. कैमरों का संधारण व्यापारियों के सहयोग से पर आम सहमति बनी। संस्थान के अन्दर प्रवेश करने वाले ऐसे ग्राहक जिनका चेहरा ढका हो, हेलमेट लगाये हों अथवा मास्क पहनकर बैठे हों उनपर विशेष ध्यान देने कहा गया। संस्थानों से बड़ी रकम एवं सोने-चांदी को लाने और ले जाने के समय विशेष सावधानी एवं सतर्कता रखने कहा गया। इस बात का ध्यान रखने कहा गया कि, कोई उनका पीछा न कर रहा हो।

आपातकालीन नंबर अपने पास जरूर रखें

सभी दुकानों, संस्थानों के संचालकों को आपातकालीन स्थिति के लिए निकटतम थाना, पुलिस कंट्रोल रूम एवं फायर ब्रिगेड कंट्रोल रूम का मोबाइल नंबर आवश्यक रूप से रखने कहा गया, ताकि समय पर जानकारी मिल सके। प्रतिष्ठान में जो भी सुरक्षा गार्ड दिन-रात में रहते हैं, उनके पास यह आपातकालीन नंबर उपलब्ध रहे। साथ ही आपातकालीन अलार्म सिस्टम लगाने पर जोर दिया गया।

कर्मचारियों का पुलिस वेरीफिकेशन कराएं

दुकानों/संस्थानों में रहने वाले कर्मचारियों का विधिवत पुलिस वेरिफिकेशन कराने कहा गया। बैठक में चेम्बर ऑ$फ कॉमर्स के सदस्यों सहित ज्वेलर्स दुकान संचालक एवं बड़ी संख्या में नगर के व्यापारी, सायबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Categorized in: