उड़नदस्ता टीम ने आबकारी अधिनियम का मामला दर्ज किया

अंबिकापुर। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता संभाग सरगुजा की टीम ने खरसिया रोड में स्थित होटल दीप में छापामार कार्रवाई करके होटल मैनेजर के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि, काफी समय से अंबिकापुर में खरसिया रोड होटल ग्रैंड बसंत के सामने स्थित होटल दीप में अवैध रूप से शराब बेचने की शिकायत मिल रही थी। इसकी तस्दीक के लिए उन्होंने शुक्रवार, 26 जून को एक छद्म क्रेता को शराब खरीदने के लिए सुबह-सुबह होटल दीप भेजा। यहां से क्रेता दो पाव ब्लैक डॉग का 1000 रुपये में खरीद कर लाया। खरीदी होने के पश्चात् सुबह ही होटल दीप में छापामार कार्रवाई की गई। होटल का मैनेजर जुनैद अपने रूम में मौजूद था। होटल के रूम की तलाशी लेने पर एक कमरे में सिग्नेचर की एक बोतल, ब्लेंडर प्राइड की दो अद्धी तथा दो पाव, रॉयल चैलेंज का एक पाव तथा आरएस बैरल के दो बोतलों में आधी भरी शराब मिली। इसे जब्त करके होटल मैनेजर के विरूद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। होटल मैनेजर जुनैद ने बताया कि होटल संचालक का इस अवैध शराब की बिक्री से कोई संबंध नहीं है। पैसे के लालच में वह चोरी छिपे शराब बेचता था। कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के साथ सहायक उप निरीक्षक रमेश दुबे, प्रधान आरक्षक अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पाण्डेय, रणविजय सिंह, रोहित सोनवानी, महिला सैनिक राजकुमारी सिंह, चंद्रावती सक्रिय रहे।

Categorized in: