अंबिकापुर। प्रदेश सरकार ने नगरीय निकायों में एल्डरमैन (नामांकित पार्षद) की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। इस सूची में संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारी दी गई है। सरगुजा जिले से कुल 15 लोगों को एल्डरमैन मनोनीत किया गया है, इनमें नगर पालिक निगम अंबिकापुर से सर्वाधिक 9, नगर पंचायत लखनपुर से 3 और नगर पंचायत सीतापुर से 3 लोगों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सरगुजा के नगर पालिक निगम अंबिकापुर से करता राम गुप्ता, श्रीमती सावित्री जायसवाल, राजबहादुर सिंह, शरद सिन्हा, श्रीमती किरण सोनी, संतोष दास, तजिन्दर बग्गा, रमेश जायसवाल, श्रीधर केशरी (दिव्यांग) नामांकित पार्षद नियुक्त किये गये हैं। एल्डरमैन नगर निगम और नगर पंचायतों में शासन द्वारा मनोनीत सदस्य होते हैं। इन्हें सदन में मतदान करने का अधिकार नहीं होता, लेकिन शहर के विकास कार्यों, नीति-निर्धारण और जनहित के मुद्दों पर सुझाव देने का पूरा अधिकार रहता है। इनकी नियुक्तियों से जमीनी स्तर पर कामकाज को गति मिलने की संभावना प्रबल हुई है। इन नियुक्तियों के बाद संगठन और स्थानीय स्तर पर खुशी की लहर है। कार्यकर्ताओं ने इसके लिये प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया है। भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी तथा भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने इस नियुक्ति पर नामांकित पार्षदों को बधाई प्रेषित करते हुए उनसे जनसरोकार के प्रति समर्पण के साथ अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र की समस्याओं के समाधान हेतु काम करने का आह्वान किया है। नवनियुक्त एल्डरमैन अब नगर विकास, स्वच्छता, और जनसमस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

सीतापुर, लखनपुर में इन्हें मिली जिम्मेदारी
नगर पंचायत सीतापुर मेें नेमलाल गुप्ता, श्रीमती अमृता पैकरा, अनेश्वर गुप्ता, नगर पंचायत लखनपुर में दिनेश गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, श्रीमती मालती कश्यप को नामांकित पार्षद की जिम्मेदारी मिली है।

Categorized in: