वाहन चालकों ने पहले धमकाया, फिर लड्डन खान सहित अन्य ने की मारपीट 

अंबिकापुर। केद्रीय उड़नदस्ता टीम (खनिज शाखा) रायपुर के नगर सैनिक द्वारा रेत से भरे वाहन को अभिरक्षा में ले जाने के दौरान रेत तस्करों द्वारा मारपीट करने के मामले में साइबर सेल एवं थाना गांधीनगर पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुये दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से रेत तस्करी में प्रयुक्त वाहन जप्त किया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपी फरार हैं, इनके तलाश में पुलिस लगी है।

जानकारी के मुताबिक तारकेश्वर वर्मा निवासी ग्राम महोदी तिल्दा खरोरा, रायपुर ग्रामीण द्वारा 23 जून को थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि वह नगर सैनिक के पद पर खनिज शाखा रायपुर में कार्यरत है। 22 जून को वह केंद्रीय उड़नदस्ता की टीम के साथ जांच हेतु सरगुजा संभाग आया था, इस दौरान उच्च अधिकारियों के निर्देश पर रेत से भरे वाहन को अभिरक्षार्थ कलेक्ट्रट परिसर अंबिकापुर लेकर जा रहा था। वाहन को ले जाते समय चालक सोनू टोप्पो ने वाहन मालिक का नाम लड्डन खान बताते हुये नगर सैनिक को धमकाया गया था। रेत से भरे वाहन के गांधी चौक सिग्नल में पहुंचने पर वाहन मालिक लड्डन खान भी मौके पर आ गया और गाड़ी को रुकवाकर सभी नगर सैनिक से गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। इनके द्वारा नगर सैनिक की वर्दी फाड़ने की कोशिश की गई, और गाड़ी से उतार कर पीछे से पकड़ लिये। इसके बाद वाहन चालक खनिज सहित वाहन लेकर फरार हो गया। मामले में थाना गांधीनगर में धारा 191(2), 221, 121(1),132, 296, 351(3) बी.एन.एस. का अपराध दर्ज करके विवेचना में लिया गया।

घटना को संज्ञान में लेकर डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल द्वारा थाना गांधीनगर एवं साइबर सेल पुलिस टीम को मामले में त्वरित कार्रवाई करके रेत तस्करों को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए थे, इसी क्रम में थाना गांधीनगर एवं साइबर सेल पुलिस टीम द्वारा मामले में कार्रवाई करते हुए प्रकरण के आरोपियों को घेराबंदी करके 24 घंटे के भीतर हिरासत में ले लिया। आरोपियों को गिरफ्तार करके पुलिस ने अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की और न्यायालय के समक्ष पेश किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वाहन जप्त किया गया है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों के तलाश में पुलिस लगी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, उप निरीक्षक दिलीप दुबे, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक विकास सिन्हा, आरक्षक रमन मण्डल, राहुल सिंह, अमन पुरी, मनीष सिंह, सैनिक अनिल साहू सक्रिय रहे।

इन आरोपियों को गिरफ्तार की पुलिस

पुलिस ने सोनू टोप्पो पिता धनसिंह टोप्पो 19 वर्ष व धनसिंह टोप्पो पिता रामजी टोप्पो 35 वर्ष दोनों साकिन सिलफिली पहाड़गांव, थाना जयनगर जिला सूरजपुर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में इन्होंने रेत तस्करी में प्रयुक्त वाहन को छुड़ा कर ले जाना स्वीकार किया।

Categorized in: