रेलवे बोर्ड ने 19 जून को किया आदेश जारी, वेटिंग से मिलेगी राहत

अंबिकापुर। सरगुजा संभाग के यात्रियों के लिए खुशखबरी है। रेल मंत्रालय ने अंबिकापुर से दिल्ली के लिए चलने वाली एकमात्र ट्रेन 22407/22408 अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस की फ्रीक्वेंसी बढ़ाकर साप्ताहिक से द्वि-साप्ताहिक कर दी है।

रेलवे बोर्ड ने 19 जून 2026 को इसका आदेश जारी कर दिया है। अब तक यह ट्रेन हफ्ते में सिर्फ एक दिन चलती थी, जिससे दिल्ली जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी होती थी और वेटिंग लंबी रहती थी। अब नई व्यवस्था के तहत ट्रेन नंबर 22407 अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को अंबिकापुर से रवाना होगी, वहीं 22408 हजरत निजामुद्दीन-अंबिकापुर एक्सप्रेस रविवार और मंगलवार को दिल्ली से अंबिकापुर के लिए चलेगी। पहले यह ट्रेन सप्ताह में केवल एक बार संचालित होती थी, जिस कारण यात्रियों को टिकट के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था और अक्सर सीटें फुल हो जाती थीं। रेलवे बोर्ड के निदेशक (कोचिंग) संजय आर. नीलम द्वारा 19 जून को जारी पत्र में कहा गया है कि फ्रीक्वेंसी में यह बढ़ोतरी जल्द से जल्द सुविधाजनक तारीख से लागू की जाए। जरूरत पड़ी तो पहली सेवा स्पेशल ट्रेन के रूप में चलाई जा सकती है। यह आदेश एनआर नईदिल्ली, एनसीआर प्रयागराज, डब्ल्यूसीआर जबलपुर और एसईसीआर बिलासपुर जोन को भेजा गया है। प्रति आईआरसीटीसी को भी दी गई है ताकि बुकिंग शुरू हो सके। रेलवे ने सभी जोनल महाप्रबंधकों को इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने और पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

इसलिये है यह अहम फैसला

अंबिकापुर से दिल्ली की यह एकमात्र सीधी ट्रेन है। एक दिन चलने से 2-3 वेटिंग की स्थिति बनती थी। सरगुजा के छात्र, मरीज और व्यापारी दिल्ली आसानी से आ-जा सकेंगे। जनप्रतिनिधियों, यात्रियों और सरगुजा रेलवे संघर्ष समिति के द्वारा लगातार ट्रेन की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने की मांग की जा रही थी। नॉर्दर्न रेलवे ने 18 सितंबर 2024 को ही फ्रीक्वेंसी बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा था। सरगुजा सांसद, विधायक और चेंबर ऑफ कॉमर्स लगातार इसके लिए प्रयास कर रहे थे। यात्रियों की भीड़ और 2-3 महीने लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए रेलवे ने अब हरी झंडी दी है। रेलवे सूत्रों के मुताबिक नई समय-सारिणी और बढ़ी हुई फ्रीक्वेंसी की तारीख 1-2 दिन में जारी हो सकती है। टिकट बुकिंग आईआरसीटीसी पर शुरू होते ही यात्रियों को सूचना दी जाएगी।

बता दें कि, अंबिकापुर रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल किया गया है। दिल्ली ट्रेन की फ्रीक्वेंसी बढ़ना सरगुजा के विकास के लिए बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे पूरे संभाग के लाखों लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। मैनपाट, रामगढ़ और तातापानी आने वाले पर्यटक भी आसानी से दिल्ली से जुड़ सकेंगे। अंबिकापुर रेलवे स्टेशन 1950 में बना था। 2014 में अंबिकापुर-दिल्ली ट्रेन शुरू हुई थी। 2023 में इसे एलएचबी कोच मिले थे। 2026 में फ्रीक्वेंसी डबल होना सरगुजा के लिए ऐतिहासिक पल है। क्षेत्रवासी अंबिकापुर-जबलपुर इंटरसिटी और अंबिकापुर-कोलकाता ट्रेन की भी मांग कर रहे हैं।

Categorized in: