अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की दी शुभकामनायें, पीजी कॉलेज मैदान में की गई है भव्य तैयारियां

अंबिकापुर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जिला मुख्यालय अंबिकापुर स्थित पीजी कॉलेज ग्राउंड में सुबह 6 बजे से राज्य स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। आयोजन के मुख्य अतिथि, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार की शाम को हुई झमाझम बारिश के बीच अंबिकापुर पहुंचे। मौसम की आई तब्दीली और अंबिकापुर में तेज हवा के साथ बारिश का संकेत मिलने पर मुख्यमंत्री का हेलीकाप्टर दरिमा हवाई अड्डे में उतरा, इसके बाद बारिश शुरू हो गई। यहां पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री की अगवानी की। मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से अंबिकापुर सर्किट हाउस पहुंचे। यहां काफी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता इनके आगमन की प्रतीक्षा कर रहे थे, यहां भाजपा के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
सर्किट हाउस पहुंचने पर पत्रकारों से संक्षिप्त चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की प्रदेशवासियों को शुभकामनायें दी और कहा कि, देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने योग दिवस को लेकर यूनेस्को में प्रस्ताव रखा था। सरकार योग को आगे बढ़ाने लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सर्किट हाउस में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रखी गई है। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल करेंगे। पीजी कॉलेज मैदान में होने वाले योगाभ्यास कार्यक्रम में कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा। योग के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी भी प्रतिभागियों को दी जाएगी। जिला आयुष अधिकारी डॉ. शशिबाला जायसवाल ने बताया कि, छत्तीसगढ़ योग आयोग के नामित योग प्रशिक्षक छविराम साहू एवं न्योति साहू द्वारा प्रतिभागियों को योगाभ्यास का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। उन्होंने सभी शासकीय एवं अशासकीय संस्थाओं से ‘योग संगम पोर्टल-2026 पर पंजीयन कराने की अपील की है। साथ ही कार्यक्रम से संबंधित जानकारी, छायाचित्र एवं वीडियो पोर्टल पर अपलोड करने को कहा हैं।

पांच पार्किंग स्थल और 4 प्रवेश द्वार
आयोजन स्थल में आने के लिये पांच पार्किंग स्थल किसान राइस मिल, राजमोहिनी देवी भवन, बीटीआई मैदान, सर्कस मैदान व पीजी कॉलेज स्थित हेलीपैड के पास बनाये गये हैं। प्रवेश द्वार मनेन्द्रगढ़ रोड राजमोहिनी भवन के सामने, व्हीव्हीआईपी के लिये है। इंडस्ट्रियल गेट बनारस रोड का प्रवेश द्वार व्हीआईपी, अधिकारी एवं मीडिया के लिये एवं आम जनता का प्रवेश द्वार बीटीआई के सामने बनारस रोड और व्यायाम शाला बनारस रोड स्थित गेट है।

इस वर्ष थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग”
जिला आयुष विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योगÓ निर्धारित की गई है। कार्यक्रम का आयोजन आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा। आयोजन में अति विशिष्ट अतिथि छत्तीसगढ़ योग आयोग अध्यक्ष संजय अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, सीतापुर विधायक राम कुमार टोप्पो, गृह निर्माण मण्डल अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित अध्यक्ष राम किशुन सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिन्दर सिंह टिन्नी रहेंगे।

योग स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन का आधार-कलेक्टर
कलेक्टर अजीत बसंत ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील करते हुए कहा है कि योग स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन का आधार है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य सुदृढ़ होने के साथ-साथ मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य भी बेहतर होता है। उन्होंने कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर जीवनशैली से जुड़ी अनेक बीमारियों एवं समस्याओं से बचाव संभव है।

 

Categorized in: