आईजी और कलेक्टर से लिखित शिकायत करके निष्पक्ष कार्रवाई की मांग

अंबिकापुर। सरगुजा जिला के धौरपुर थाना अंतर्गत ग्राम अमड़ी के ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के निलम्बित शासकीय सेवकों पर शासकीय भूमि में कब्जा करने, ग्रामीणों का फर्जी हस्ताक्षर करके झूठी शिकायत मुख्यमंत्री से करने सहित अन्य गंभीर आरोप लगाये हैं। इसकी लिखित शिकायत सरगुजा रेंज के आईजी और कलेक्टर से करते हुये निष्पक्ष जांच, कार्रवाई करने की मांग की गई है।

कलेक्टोरेट पहुंचे ग्राम अमड़ी के ग्रामीणों ने बताया कि, स्वयम्बर सिंह और उनकी पत्नि प्रियंका सिंह स्वास्थ्य केन्द्र धौरपुर में एमपीएचडब्ल्यू के पद पर पदस्थ हैं, जो ग्राम अमड़ी के ही रहने वाले हैं। स्वयम्बर सिंह के पिता कुंवर साय गांव में झाड़फूंक करते हैं। ग्रामीणों ने स्वयम्बर पर अपनी पत्नी प्रियंका सिंह का फर्जी निवास प्रमाणपत्र बनवाकर नौकरी लगवाने का भी आरोप लगाया है। इन पर ग्राम अमड़ी में स्थित शासकीय स्कूल मद की भूमि पर लगभग 8 डिसमिल में कब्जा करके मकान बनाने, ग्राम अमड़ी की अशिक्षित वृद्ध महिला कविलासो, जिसकी दो पुत्रियां हंै, इनके संयुक्त खाते की भूमि से उपजाऊ किस्म की भूमि का बगैर मूल्य दिये फर्जी व कूटरचित तरीके से विक्रय पत्र निष्पादित करवाने का आरोप लगाया गया है।

ग्रामीणों ने बताया है कि, शासकीय कर्मचारी होते भी स्वयम्बर और इनकी पत्नि प्रियंका के द्वारा प्राइवेट नेटवर्क मार्केटिंग और हर्बल लाइफ के वेलनेस कोच का प्रचार-प्रसार कर रहे थे, इसकी शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने विधिवत जांच के बाद इन्हें निलंबित किया है। वहीं शासकीय भूमि पर किये गये निर्माण को हटाने के लिये तहसीलदार लुण्ड्रा के द्वारा बेदखली का आदेश दिया गया है। आरोप है कि, निलम्बन और बेदखली के आदेश के बाद इनके द्वारा ग्रामीणों व गांव के सम्मानित व्यक्ति एवं 25 वर्ष से उपसरपंच, सरगुजा केशर संघ के अध्यक्ष सूरज प्रसाद गुप्ता तथा उनकी पत्नी से रंजिश रखते हुये झूठा एवं मनगढंत शिकायत ग्रामवासियों का फर्जी हस्ताक्षर करके मुख्यमंत्री को भेजा गया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने 07 जून को थाना धौरपुर में इनके विरूद्ध शिकायत की लेकिन थाना प्रभारी धौरपुर के द्वारा किसी प्रकार की समुचित कार्रवाई नहीं की गई। मामले में सरगुजा कलेक्टर और आईजी से नियमसम्मत जांच और वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है। कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने पहुंचे ग्रामीणों में लक्ष्मी प्रसाद कश्यप, दिनेश पावले, राजन सिंह, रामनाथ राम, हीरासाय, गुड्डू रामकुमार, अरविंद बेक, भोला, कृष्णा यादव, दशरथ, रामकिशुन, बसंत यादव, दिलीप, फुलासो, बिगन, नानसाय सहित अन्य शामिल थे।

Categorized in: