सरगुजा जिला किसान कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के नाम 9 सूत्रीय मांगपत्र कलेक्टर को सौंपा

अंबिकापुर। प्रदेश किसान कांग्रेस के आह्वान पर सरगुजा जिला किसान कांग्रेस ने बुधवार को किसानों के हित में 9 सूत्रीय मांगों से संबंधित पत्र कृषक अधिकार आन्दोलन के तहत सरगुजा जिला किसान कांग्रेस के शहर अध्यक्ष दुर्गेश गुप्ता एवं किसान कांग्रेस के ग्रामीण अध्यक्ष नागेश्वर यादव के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के नाम का सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत को सौंपा। इसमें खरीफ सीजन के ठीक पहले प्रति एकड़ खाद की मात्रा में कटौती, खाद बीज संकट, बिजली बिल में वृद्धि, डीजल की सहज उपलब्धता, फसलों की बिक्री का एकमुश्त भुगतान जैसे प्रमुख मांगों का उल्लेख किया गया है। कहा गया है कि, खाड़ी युद्ध और केन्द्र सरकार की अव्यवहारिक नीतियों के कारण पूरे देश सहित छत्तीसगढ में खाद का संकट खड़ा हो गया है। किसानों में भय है कि इससे न केवल उनका उत्पादन गिरेगा बल्कि खरीफ सीजन में धान उत्पादन से होने वाली आय से चलने वाली उनकी आजीविका भी प्रभावित होगी।

सरगुजा जिला किसान कांग्रेस शहर के अध्यक्ष दुर्गेश गुप्ता ने कहा कि सरकार की अदूरदर्शितापूर्ण नीतियों के कारण प्रदेश के छोटे और सीमांत किसानों के समक्ष आजीविका का संकट खड़ा होने वाला है। खाद की कमी के कारण पूरे देश में खाद्यान्न संकट की स्थिति बनेगी, लेकिन केन्द्र व प्रदेश की भाजपा सरकार को आम आदमी की इन समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। सरगुजा जिला किसान कांग्रेस के ग्रामीण अध्यक्ष नागेश्वर यादव ने कहा कि एक ओर खाद का संकट है, दूसरी ओर राज्य सरकार ने बिजली के बिलों में वृद्धि करके किसानों पर भारी बोझ डाल दिया है। बढ़ते महंगाई के मद्देनजर उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढाकर उसे 40,000 रुपये प्रति एकड़ करने की मांग भी की। किसान कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री नुरुल अमीन सिद्दीकी ने कहा कि पेट्रोल पंपों में जरकिनों में डीजल विक्रय प्रतिबंधित करने के आदेश का खामियाजा किसान को उठाना पड़ रहा है। सरकार इस आदेश को तत्काल वापस ले साथ ही धान खरीदी के उपरांत एकमुश्त भुगतान की व्यवस्था करने करे। इस दौरान पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की, हेमंत सिन्हा, मो. इस्लाम, विनय शर्मा, इंद्रजीत सिंह धंजल, अमित सिंहदेव, बलराम यादव, रामविनय सिंह, मदन जायसवाल, अनिल सिंह, डॉ. लालचंद यादव, संजीव मंदिलवार, आलोक सिंह, एपी सांडिल्य, रशीद अहमद, संजय सिंह, शिवभरोष बेक, लुकस एक्का, कलीम अंसारी, लोकेश कुमार, प्रमोद चौधरी, गुरुप्रीत सिद्धू, निक्की खान, नरेन्द्र विश्वकर्मा, अमित सिन्हा, पंकज शुक्ला, अविनाश कुमार, अमित सिंह, काजू खान, दिलिप धर, रोशन कन्नौजिया, अशोक जायसवाल, सुनील बखला, विरेन्द्र टोप्पो, पवन साय सिंह, राहुल, बैजनाथ ठाकुर उपस्थित थे।

Categorized in: