अंबिकापुर। साइबर सेल, सरगुजा पुलिस मितान एवं पुलिस साइबर वॉलंटियर्स ने कला केंद्र मैदान में लगे मेले में साइबर जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक, जनसंवाद तथा प्रत्यक्ष जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में अवगत कराया गया। ऑनलाइन ठगी, फर्जी बैंक कॉल, ओटीपी एवं यूपीआई धोखाधड़ी, सोशल मीडिया फ्रॉड, निवेश के नाम पर ठगी, साइबर बुलिंग तथा डिजिटल सुरक्षा जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने यह संदेश दिया कि थोड़ी सी सावधानी और जागरूकता से अधिकांश साइबर अपराधों से बचा जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान साइबर सेल, साइबर वॉलंटियर्स एवं पुलिस मितानों ने उपस्थित नागरिकों से सीधे संवाद कर उन्हें साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले नए-नए तरीकों की जानकारी दी। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने एवं संबंधित साइबर अपराध पोर्टल पर रिपोर्ट करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही महिलाओं, युवाओं एवं विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने तथा व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करने की सलाह दी गई। सरगुजा पुलिस मितान टीम ने बताया कि साइबर अपराधों की रोकथाम में जनजागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है। इसी उद्देश्य से भविष्य में भी विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं सामुदायिक कार्यक्रमों में निरंतर जागरूकता अभियान संचालित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी पहुंचाई जा सके। कार्यक्रम में साइबर सेल से अमन पुरी, महिला थाना स्टाफ एवं पुलिस मितान टीम से विभाश्री सिंह, खुशी कन्नौजिया, आर्यन पाण्डेय, विकेश राजवाड़े, लक्ष्मी पैकरा, रश्मि शर्मा, अनुशा राजवाड़े, मानसी रजवाड़े सहित अन्य स्वयंसेवकों की सक्रिय सहभागिता रही। सभी ने जन-जागरूकता गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। सरगुजा पुलिस मितान एवं साइबर वॉलंटियर्स ने आमजन से किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया है।

Categorized in: