तीन किलो गांजा के साथ पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया

अंबिकापुर। नगर पालिक निगम के पुराने प्रशासनिक भवन के सामने स्थित डेली नीड्स दुकान से कोतवाली थाना पुलिस ने 3 किलो गांजा बरामद किया है। शनिवार को दोपहर बाद पुख्ता सूचना पर पुलिस ने डेली नीड्स दुकान में छापामार कार्रवाई की और दुकान संचालक के मौजूदगी में गांजा बरामद किया। पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, कोतवाली थाना पुलिस को कई दिनों से सोनू डेली नीड्स नामक दुकान में डेली नीड्स में संदिग्ध कारोबार की सूचना मिल रही थी। यह भी सामने आया था कि, दुकान देर रात तक आधा शटर बंद करके संचालित किया जाता है, जहां लोग पान, सिगरेट, गुटखा सहित अन्य नशीले पदार्थ खरीदने पहुंचते थे। इसकी पुष्टि के लिए पुलिस ने मुखबिर का जाल बिछाया था। शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि दुकान संचालक काफी मात्रा में बिक्री के लिए गांजा रखा है। इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद पुलिस टीम, शनिवार को दोपहर बाद डेली नीड्स दुकान में पहुंची। कार्रवाई के दौरान दुकान के भीतर एक झोले में रखा 3 किलो गांजा मिला। पुलिस ने गांजा बरामद करके आरोपी दुकान संचालक नरेश सोनी और उसके पुत्र सोनू सोनी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

Categorized in: