सिंहदेव का अनशन और बैज की भूख हड़ताल खत्म:सूरजपुर में आंदोलन समाप्त, पुलिस-प्रशासन ने मांगें मानीं; बैज बोले-आखिरकार सत्य की जीत हुई

भूपेश बघेल ने मंच से कहा था, पुलिस अधिकारियों का नाम याद रखा जाएगा

दीपक बैज टीएस सिंहदेव के साथ गुलाब कमरो व अन्य पूर्व विधायक तपती धूप में लगातार धरना स्थल पर थे तैनात

सुरजपुर/विश्रामपुर। सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाने के सामने पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव का आमरण अनशन और प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज की क्रमिक भूख हड़ताल समाप्त हो गई है। सूरजपुर एसडीएम और एएसपी आंदोलन स्थल पर पहुंचे।उन्होंने कांग्रेस नेताओं से चर्चा की और अधिकारियों से बातचीत कराई। कांग्रेस की मांग के अनुरूप टीआई के निलंबन और आर्म्स एक्ट की धाराओं को वापस लेने के आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से नारियल पानी पिलाकर दोनों का अनशन और भूख हड़ताल समाप्त कराई गई। टीएस सिंहदेव ने सोशल मीडिया पोस्ट कर कहा कि न्याय के लिए चल रहे संघर्ष की राह में पहली मांग पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि न्याय और संघर्ष की इस लड़ाई में वे आगे भी लगातार बढ़ते रहेंगे। वहीं, दीपक बैज ने कहा कि आखिरकार न्याय की जीत हुई। पुलिस और प्रशासन ने कांग्रेस की सभी मांगें मान ली हैं। टीएस सिंहदेव की अनुमति से आंदोलन को स्थगित किया जा रहा है। कांग्रेस के सभी वरिष्ठजन अपने साथी के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ एक मंच पर आए।

*टीएस सिंहदेव का आमरण अनशन और बैज की भूख हड़ताल*

दरअसल, सूरजपुर कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज किए जाने के विरोध में सोमवार से दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेस ने प्रदर्शन शुरू किया था। मंगलवार को टीएस सिंहदेव आमरण अनशन पर बैठ गए, जबकि दीपक बैज भूख हड़ताल पर रहे। कांग्रेस के इस आंदोलन में मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल हुए थे।

*आर्म्स एक्ट की वापसी, कार्रवाई के आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित*

मंगलवार रात सूरजपुर एसडीएम शिवानी जायसवाल और एएसपी योगेश देवांगन आंदोलन स्थल पर पहुंचे और आंदोलन समाप्त कराने के लिए कांग्रेस नेताओं से चर्चा की। हालांकि, ठोस आश्वासन नहीं मिलने के कारण टीएस सिंहदेव और दीपक बैज आंदोलन स्थगित करने को तैयार नहीं हुए।
बुधवार को एक बार फिर एसडीएम और एएसपी धरनास्थल पहुंचे और सिंहदेव, दीपक बैज से आंदोलन समाप्त करने को लेकर बातचीत की। इस दौरान सिंहदेव और दीपक बैज की फोन पर सरगुजा आईजी दीपक कुमार झा, सूरजपुर एसपी प्रशांत कुमार ठाकुर से भी चर्चा कराई गई। पुलिस अधिकारियों ने कांग्रेस की मांग के अनुरूप टीआई के खिलाफ कार्रवाई करने और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज धाराओं को हटाने का आश्वासन दिया। इसके बाद टीएस सिंहदेव और दीपक बैज आंदोलन समाप्त करने के लिए तैयार हुए। प्रशासन की ओर से नारियल पानी पिलाकर दोनों का अनशन और भूख हड़ताल समाप्त कराई गई।

*भूपेश बघेल ने कहा था- पुलिस अधिकारियों का नाम याद रखेंगे*

शिवनंदनपुर नगर पंचायत की चुनावी रैली को संबोधित करते हुए भूपेश बघेल ने कहा था कि चुनाव को प्रभावित करने के लिए कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष के खिलाफ फर्जी मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि इसके विरोध में टीएस सिंहदेव आमरण अनशन पर बैठे हैं, जबकि दीपक बैज भूख हड़ताल पर हैं। भूपेश बघेल ने पुलिस प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा था कि प्रदेश के कांग्रेसी चूड़ी पहनकर नहीं बैठे हैं। थानेदार का नाम हमेशा याद रखा जाएगा और सरकार आती-जाती रहती है। उन्होंने कहा था कि किसी दिन उनकी भी सरकार आएगी। एसपी और आईजी को भी इस बात को समझ लेना चाहिए। जब मामला उनकी जानकारी में आ गया है, तो उसे सुधार लिया जाना चाहिए, अन्यथा इसे याद रखा जाएगा।

*प्रदर्शन के बाद दूसरे पक्ष के खिलाफ FIR*

कांग्रेस ने आंदोलन के दौरान प्रमुख रूप से तीन मांगें रखी थीं। इनमें से एक मांग नरेंद्र जैन के आवेदन पर दूसरे पक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की थी। विश्रामपुर पुलिस ने मंगलवार देर शाम नरेंद्र जैन की पत्नी मधु जैन के आवेदन पर दूसरे पक्ष के दो आरोपियों के खिलाफ धारा 296 और 351 (3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

*रातभर अनशन स्थल पर जमे रहे नेता और कार्यकर्ता*

दिन में पूर्व विधायक गुलाब कमरो एवं उनकी टीम पूर्व विधायक पारस राजवाड़े पूर्व मंत्री प्रेम साय वही रात में अनशन स्थल पर एआईसीसी सदस्य आदितेश्वर सिंहदेव, सूरजपुर कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशि सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। धरनास्थल पर सूरजपुर एसडीएम शिवानी जायसवाल और एएसपी पहुंचे और अनशन तोड़ने के लिए मान-मनौव्वल की कोशिश की। हालांकि सिंहदेव और बैज सहित पदाधिकारी-कार्यकर्ता टीआई के निलंबन, आर्म्स एक्ट की वापसी की मांग पर अड़े हुए हैं। बुधवार सुबह स्वास्थ्य कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर टीएस सिंहदेव का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया था।

*जानिए पूरा मामला*

कांग्रेस पार्टी के मुताबिक शनिवार को भाजपा कार्यकर्ता मित्तल पांडेय कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के मेन रोड स्थित प्रतिष्ठान पर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मित्तल पांडेय ने चुनाव में जीत-हार को लेकर नरेंद्र जैन को उकसाया और उनके साथ बदसलूकी की। कांग्रेस का दावा है कि विवाद बढ़ने पर मित्तल पांडेय ने सत्ता का हवाला देते हुए नरेंद्र जैन को झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली सोनी ने देर रात विश्रामपुर थाने में नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत शिकायत दर्ज कराई। पुलिस में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नरेंद्र जैन ने गाली-गलौज करते हुए मित्तल पांडेय पर कटार तान दी थी। हालांकि, पुलिस अब तक कथित कटार बरामद नहीं कर सकी है।

Categorized in: