भाजपा जनता के हितों की अनदेखी करके लोगों को गुमराह कर रही

अंबिकापुर। गत दिवस नगर निगम एम.आई.सी. बैठक में पारित हुए प्रस्तावों को हास्यास्पद निरूपित करते हुए निगम एम.आई.सी. के पूर्व सदस्य एवं महासचिव प्रदेश कांग्रेस द्वितेन्द्र मिश्र ने कहा है कि, ट्रिपल इंजन की दुहाई देकर, सत्ता में काबिज हुई भाजपा अब जनता के हितों की अनदेखी कर लोगों को गुमराह कर रही है। माननीयों को उनके अधिकारों एवं कर्त्तव्यों का ही भान नहीं है। खिलौना घर में खेल रह बच्चों की तरह अपरिपक्व व्यवहार का ये प्रदर्शन कर रहे हैं। जहां एक और वैश्विक संकट से पूरा एशिया प्रभावित है। देश में लगातार महंगाई बढ़ती जा रही है। लगभग 18 माह से सफाई कामगारों को निगम ने वेतन नहीं दिया गया है। ऐसे सफाई कामगारों के घरों में चूल्हा कैसे जल रहा होगा, इसकी चिन्ता करने के बजाय टेंडर निरस्त करने का प्रस्ताव पारित हो रहा है।

एक ओर केन्द्र सरकार निर्माण कार्यों में वैश्विक संकट के कारण प्रयुक्त होने वाली सामग्री के लिए विशेष मूल्य वृद्धि सर्कुलर जारी कर रही हैं, वहीं निगम ब्लैक लिस्टेड करने का प्रस्ताव पारित कर रही है। पूर्व परिषद के पार्षदों का मानदेय वेतन अभी तक नहीं दिया जा सका है। बेहतर होता कि ट्रिपल इंजन वाली सरकार के प्रतिनिधि शासन सेे तत्काल सफाई कामगारों के लिए राशि मंगवाएं। निर्माण कार्यों के लिए नियमानुसार शासन से यथोचित मूल्य वृद्धि के केन्द्र के सर्कुलर अनुसार पहल करवा कर निर्माण कार्यों को पूर्ण कराएं। पिछली परिषद के पार्षदों का भुगतान कराएं। शहर की सड़कों को अतिशीघ्र निगम में शामिल कराएं। पेयजल की समस्या है, उसका निराकरण कराएंं। प्रतिदिन घंटों-घंटों बिजली गुल रहती है, उसके लिए आवश्यक पहल करें, और विशेष रूप से आने वाले बरसात के मौसम को ध्यान रखते हुए नालियों की साफ-सफाई का अभियान चलाएंं। जनता से जो-जो वादे कर के सत्ता में आये हैं, उसे पूरा करें। लोगों को नि:शुल्क पट्टा दिलवाएंं। पट्टा दिलाने के बजाये जगह-जगह बुल्डोजर चलवा रहे हैं, उसे बंद करें। 

Categorized in: