अंबिकापुर। गांधीनगर थाना पुलिस ने ऑनलाइन फ्रॉड एवं सट्टा में प्राप्त रकम आहरण करने के लिए बैंक अकाउंट खरीदने-बेचने के मामले में कार्रवाई करते हुए ऐसे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके द्वारा दो म्यूल एकाउंट के माध्यम से एक करोड़ 80 लाख रुपये का लेनदेन किया गया था। पुलिस की कार्रवाई में सामने आया कि, आरोपी धोखे से परिचितों के नाम पर बैंक खाता खुलवाकर अन्य को बेच देते थे। इससे पहले 10 दिनों में पुलिस ने म्यूल अकाउंट के 4 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए खाताधारक एवं बैंक खाता का खरीद फरोख्त करने वाले 20 आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है।

जानकारी के मुताबिक, वैभव सुर्यवंशी ने थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि, नवापारा निवासी सुमित सिंह एवं अनुज सिंह ने घर बनवाने के लिए राशि का लेन-देन करने के उद्देश्य से बैंक खाता की जरूरत बताते हुए आई.डी.बी.आई.बैंक में 02 बैंक खाता खुलवाया था और कुछ दिन बाद खाते से संबंधित ए.टी.एम. कार्ड, चेक बुक, पासबुक मांग कर ले गए थे। इसके बाद खाताधारक को जानकारी मिली कि उसके एक बैंक खाता से 80 लाख एवं दूसरे खाते से 1 करोड़ के आस-पास का ट्रांजेक्शन हुआ है, तब उसने बैंक में आवेदन देकर अपना खाता बंद करवाया और थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया था। रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में धारा 318(4), 319, 317(4), 3(5) बी.एन.एस. पंजीबद्ध करके पुलिस ने विवेचना में लिया था। विवेचना दौरान आरोपी अनुज सिंह को हिरासत में लेकर पुलिस टीम पूछताछ की तो बताया कि वह अलग-अलग लोगों से बैंक खाता प्राप्त करके उसमें ऑनलाइन फ्रॉड एवं सट्टा का पैसा लेन-देन एवं आहरण करता है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी अनुज सिंह पिता सर्वजीत सिंह उम्र 30 वर्ष निवासी चर्च के सामने नवापारा थाना गांधीनगर अंबिकापुर को गिरफ्तार करके न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा है। वहीं प्रकरण में आरोपी सुमित सिंह निवासी नवापारा को पूर्व में गिरफ्तार करके न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है । प्रकरण में शामिल अन्य लोगों के विरुद्ध जांच जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण द्विवेदी, आरक्षक अरविन्द उपाध्याय, ऋषभ सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उल्लेखनीय है कि, सरगुजा पुलिस वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में म्यूल अकाउंट धारक एवं बैंक खाता, अवैध सिम खरीद-बिक्री के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने युवाओं से ऐसे अनैतिक कार्यों में संलिप्त नहीं होने की अपील की गई है।  

Categorized in: