पूर्व मंत्री ने कहा-देश की ऐसी हालत ऐसी है कि, प्रधानमंत्री को सामने आकर करनी पड़ रही अपील

अंबिकापुर। सरगुजा जिला कांग्रेस कार्यालय, राजीव भवन में शनिवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए पूर्व मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह ने कहा कि आज देश की ऐसी हालत ऐसी हो गई है कि प्रधानमंत्री को आकर लोगों के सामने अपील करनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि विगत 7 वर्षों से प्रदेश में खाद की कमी हो रही है। केन्द्र सरकार पर जानबूझकर यूरिया और डीएपी खाद की कमी करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि, जिस किसान के खेत में दो बोरी खाद लगता था उसे एक बोरी खाद दिया जा रहा है, ताकि उत्पादन कम हो, और सरकार को कम उपज खरीदना पड़े। यह कार्य खेती किसानी के कार्य को कमजोर करने के लिए किया जा रहा है।

बता दें कि, पेट्रोल व डीजल के मूल्य में की गई बढ़ोत्तरी के बाद कांग्रेस पार्टी केन्द्र सरकार पर हमलावर हो गई है। कांग्रेस ने देश में बढ़ रही महंगाई के लिए केन्द्र सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए बढ़ती महंगाई से आम लोगों को परेशान होने की बात कही है। डॉ. प्रेमसाय सिंह ने आगे कहा कि, वर्तमान में प्रधानमंत्री द्वारा वर्क फ्रॉम होम करने, तेल का कम उपयोग करने की अपील की गई है, पर इससे गांव में बसे छोटे व मध्यम आय वर्ग के लोगों के लिए क्या वैकल्पिक व्यवस्था है, इस बारे में कुछ भी नहीं बताया गया। वहीं देशभर के डिलीवरी कंपनी के कर्मचारियों द्वारा पेट्रोल की कीमत बढ़ने के विरोध में हड़ताल शुरू करने को लेकर भी पूर्व मंत्री ने केन्द्र सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने नीट पेपर लीक के मामले को लेकर सरकार की व्यवस्था पर सवाल उठाए ओर इससे छात्र-छात्राओं व उनके अभिभावकों को हो रही परेशानी के लिए सरकार को जिम्मेदार बताया। डॉ. प्रेमसाय सिंह ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी व वर्तमान अध्यक्ष खड़गे ने पहले ही बताया था कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के समाप्त होने के बाद सरकार द्वारा तेल की कीमतें बढ़ाई जाएंगी जो सही साबित हुआ। डीजल, पेट्रोल महंगा होने से सभी सामानों के दाम बढ़ते चले जाऐंगे, जिससे महंगाई और बढ़ेगी और लोगों का जीना मुहाल हो जाएगा। इस दौरान कांग्रेस के कई प्रदेश व जिला स्तरीय पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।

अमेरिका के आगे केन्द्र सरकार नतमस्तक
इससे पूर्व कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने केन्द्र सरकार पर तेल की कीमतों में वृद्धि करने और विदेश नीति में अमेरिका के आगे केन्द्र सरकार के नतमस्तक होने का आरोप लगाते हुए कहा कि, ईरान से आए उर्वरक व रूस से आए तेल को केन्द्र सरकार ने लेने से मना कर दिया ताकि अमेरिका खुश रहे। वहीं प्रधानमंत्री द्वारा तेल के कम उपयोग की अपील पर कहा कि, यह वही सरकार है जिसके नेता व मंत्री 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव के दौरान रोज कह रहे थे कि, देश में किसी चीज की कोई कमी नहीं है।

…यह कैसा विश्वगुरू है?
कांग्रेस के प्रदेश पदाधिकारी डॉ. जेपी श्रीवास्तव व द्वितेन्द्र मिश्रा ने कहा, महंगाई की स्थिति भयावह होती जा रही है। बढ़ती महंगाई के साथ ही रुपया भी गिरता जा रहा है, यह कैसा विश्वगुरू है? कांग्रेस शासनकाल के समय की तुलना में 12 वर्षों में चार गुना महंगाई बढ़ने की बात कहते हुए उन्होंने कहा कि अधोसंरचना के निर्माण की आड़ में देश में निजीकरण तेजी से हो रहा है, लोगों को सोना खरीदने से मना करने की अपील की गई है, इससे बड़े दुकानदारों को तो कोई फर्क नहीं पड़ेगा परंतु छोटे व्यापारी व कारीगरों के सामने संकट उत्पन्न हो जाएगा। कांग्रेस नेता इस्लाम खान, हेमंत तिवारी ने भी अपनी बातें रखीं।

Categorized in: