अंबिकापुर। युवा कांग्रेस आरटीआई सेल के चेयरमैन हिमांशु जायसवाल ने देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल नीट परीक्षा में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और अनियमितताओं के मामले को लेकर जारी बयान में कहा है कि, इससे लाखों छात्रों एवं अभिभावकों का विश्वास टूटा है। वर्षों की मेहनत, आर्थिक कठिनाइयों और मानसिक दबाव के बीच तैयारी करने वाले छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। छात्र एवं अभिभावक दोनों बड़े उम्मीद से अपने बच्चों को कर्ज लेकर महंगाई के दौर में बच्चे के भविष्य बनाने के लिए तैयारी के भेजते हंै ओर सरकार उनके परिश्रम और उनके सपने के साथ मजाक बनाती जा रही है। त्रुटि एक बार होने को सुधारा जा सकता है, पर ऐसी गलतियां बार-बार होना किसी बड़े स्तर पर शह का संकेत दे रहा है। पेपर लीक से हजारों छात्रों के उम्मीदों को सरकार ने खत्म कर दिया है। युवा कांग्रेस ने मांग की है कि, नीट परीक्षा में हुई सभी गड़बड़ियों एवं पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध सीबीई जांच कराई जाए, ताकि पूरे देश के सामने सच्चाई आ सके और किसी भी दोषी को बचने का मौका न मिले। परीक्षा माफियाओं, पेपर लीक में शामिल अधिकारियों, एजेंसियों एवं अन्य दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई करते हुए आजीवन कारावास जैसी सजा सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी छात्र के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की हिम्मत न कर सके। इसके अतिरिक्त इस घटनाक्रम से मानसिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक रूप से प्रभावित छात्रों को उचित मुआवजा एवं विशेष सहायता प्रदान की जाए। जिन विद्यार्थियों का समय और मेहनत इस अव्यवस्था के कारण बर्बाद हुई है, उनकी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। सरकार से मांग की गई है कि एनटीए को बैन किया जाए और निष्पक्ष संस्था से परीक्षा करवाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने हेतु परीक्षा प्रणाली को पूर्णत: पारदर्शी, सुरक्षित एवं जवाबदेह बनाया जा सके। उन्होंने कहा है कि, छात्रों का भविष्य सुरक्षित करना सरकार की जिम्मेदारी है। इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Categorized in: