अंबिकापुर। पेट्रोल पम्प के मैनेजर से लूटपाट करने वाले 04 आरोपियों को दरिमा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, शिवचंद वर्मा पिता अर्जुन प्रसाद वर्मा निवासी गांधीनगर अंबिकापुर ने 07 मई को रिपोर्ट दर्ज कराया था कि, ग्राम कुम्हरता, नचाई स्थित वेदिका पेट्रोल पम्प से हिसाब करके नकदी रकम 61 हजार 670 रुपये लेकर वह अंबिकापुर जा रहा था, तभी नचाई चौक के पास दो मोटरसाइकिल में 4 लोग चेहरा ढंककर आए और उसे रोककर गाली-गलौज करते हुए जान से मार देने की धमकी देने लगे। आरोपी नकदी रकम, मोबाइल, हिसाब की डायरी और मोटरसाइकिल लूटकर भाग गए। घटना की सूचना पर थाना दरिमा में धारा 309(3) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध करके पुलिस ने विवेचना में लिया था। प्रकरण में आरोपियों की लगातार साजी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम ने दरिमा से गांधीनगर के बीच लगे सैकड़ों सीसीटीव्ही का फुटेज चेक किया और लोगों से बारीकी से पूछताछ की गई। आरोपी पतासाजी के दौरान फुटेज में प्राप्त हुलिया का मिलान करने पर आरोपियों की पहचान दुर्गेश, आकाश झारिया, निशांत नगेसिया एवं एक अन्य के रूप में की गई। विवेचना दौरान आरोपियों के संभावित ठिकानों पर पुलिस टीम ने दबिश दी और 13 मई को आरोपी दुर्गेश उर्फ यश ईमालीया पिता रविंद्र लाल 22 वर्ष, निवासी प्रतापपुर नाका सहेली गली शिव मंदिर के पास अंबिकापुर को हिरासत में ली। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि, वह वेदिका पेट्रोल पम्प में काम करता था और अपनी शादी के लिए पेट्रोल पम्प संचालक से बिना अनुमति के 30 हजार रुपये लिया था, इसकी जानकारी मिलने पर पम्प मालिक उसे नौकरी से निकाल दिया था, इसी रंजिश में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पेट्रोल पम्प में लूट की योजना बनाई। गिरफ्तार आरोपी के निशानदेही पर पुलिस ने आकाश झारिया पिता सुनील राम 20 वर्ष, निवासी मिशन चौक अंबिकापुर, निशांत नगेसिया पिता योगेश्वर नगेसिया 20 वर्ष निवासी प्रतापपुर नाका सहेली गली अंबिकापुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटर पल्सर साइकिल क्रमांक सीजी 15 डीएक्स 5401 एवं एक एक्टिवा स्कूटी क्रमांक सीजी 15 ईएच 7025 को जप्त करके इन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, एक अन्य विधि से संघर्षरत बालक को न्यायिक अभिरक्षा में बाल न्यायालय भेजा गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश खलखो, थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण द्विवेदी, प्रभारी साइबर सेल अंबिकापुर सहायक उप निरीक्षक अजीत कुमार मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, जयदीप सिंह, आरक्षक मनीष सिंह, रमेश रजवाड़े, विकास मिश्रा, रमन मण्डल, राहुल सिंह, उमा शंकर साहू की सक्रिय भूमिका रही।

Categorized in: