महापौर ने विद्युत व्यवस्था में सुधार को लेकर अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

अंबिकापुर। नगर पालिक निगम की महापौर मंजूषा भगत ने विद्युत व्यवस्था के संबंध में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करके नवीन विद्युत पोल लगाने, क्षतिग्रस्त पोल हटाने व केबल बदलने, ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग, पोल शिफ्टिंग के संबंध में विस्तृत चर्चा की।

महापौर ने कहा, गांधी चौक से महामाया चौक, सदर रोड व देवीगंज रोड में अंडरग्राउंड विद्युतीकरण कार्य किया जाना है। कार्य अंतर्गत इन मार्गों से लगे बिजली के खंभे एवं ट्रांसफार्मर हटाए जाएंगे। इसी क्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री विद्युतीकरण योजना अंतर्गत नई बसाहट वाले कॉलोनी, बस्ती में नए खंभों के साथ विद्युतीकरण कार्य क्षतिग्रस्त एवं सड़कों में बाधक पोल को लगाने व हटाने के कार्य, क्षतिग्रस्त केवल को बदलने कहा, जिसके कारण स्ट्रीट लाइट लंबे समय से नहीं जल रहे हैं। इसके अलावा सड़क के किनारे ट्रांसफार्मर का सुरक्षित शिफ्टिंग करने एवं अत्यधिक विद्युत भार वाले मोहल्ले में ट्रांसफार्मर लगाने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि, मेंटेनेंस कार्य शीघ्र करें ताकि शहर वासियों को विद्युत कटौती से होने वाले परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा दो पानी फिल्टर प्लांट, तकिया एवं कतकालो जो ग्रामीण क्षेत्र में आते हैं, इसमें किसी भी कारण विद्युत कटौती होने की स्थिति में शहर की पेयजल सप्लाई व्यवस्था ठप हो जाती है, इन क्षेत्रों में विद्युत कटौती न हो, इसे ध्यान में रखते हुए व्यवस्था दुरुस्त की जाए। महापौर ने बताया कि अंडरग्राउंड विद्युतीकरण वाले मार्ग डामरीकरण हेतु स्वीकृत हैं, इसलिए नगर निगम की टीम से समन्वय बनाकर कार्य किया जाए। बैठक में विद्युत विभाग के प्रभारी सदस्य मनीष सिंह, जल विभाग के प्रभारी जितेन्द्र सोनी, आकाश गुप्ता, विकास गुप्ता, विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता शहर जयप्रकाश राजवाड़े, कार्यपालन अभियंता ग्रामीण आर. सूर्यवंशी, सहायक अभियंता एस.के. गुप्ता, अग्नेश बंजारे व कैलाश देवांगन, कनिष्ठ अभियंता संगम कुमार पटेल, नगर पालिक निगम के विद्युत व जल प्रभारी प्रशांत खुल्लर उपस्थित रहे।

विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने भूमि की मांग

शहर के विस्तार को देखते हुए शहर में अतिरिक्त 33/11 के.वी. का विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने हेतु गंगापुर वार्ड, पुराना बस स्टैंड अंबिकापुर, गहिरा गुरु वार्ड (मठपारा), महामाया पहाड़ (घुटरापारा) में भूमि उपलब्ध कराने हेतु शहरी कार्यपालक यंत्री ने महापौर से आग्रह किया। उन्होंने बताया अजिरमा रेलवे स्टेशन, बीज भंडार के पास भूमि उपलब्ध हो गई है। विद्युत उपकेंद्र स्थापना कार्यालय जल्द प्रारंभ किया जाएगा।

Categorized in: