उत्तर प्रदेश जाने निकले घायल युवक का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा उपचार

लखनपुर। अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाइवे पर लखनपुर थाना क्षेत्र के कुंवरपुर के पास रायपुर से उत्तर प्रदेश जा रहा कार सवार, सड़क से करीब 40 फीट नीचे गड्ढे में गिर गया। हादसे में कार सवार युवक की जान बच गई, लेकिन उसके सिर व चेहरे में गंभीर चोटें आई हैं। राहगीरों ने काफी मशक्कत के बाद उसे कार से बाहर निकाला। घायल युवक का उपचार जारी है।

अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्यमार्ग में हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को कार सवार एक व्यक्ति को बचाते हुए खड़ी बाइक को ठोकर मार दिया, वहीं कुंवरपुर बांध, मोड़ के पास एक तेज रफ्तार कार मंगलवार की सुबह 40 फिट गड्ढे में जा गिरी। कार में उत्तर प्रदेश के भदोही निवासी अभिषेक पांडेय पिता अजय पांडेय 32 वर्ष सवार था, जो वर्तमान में रायपुर के कबीरनगर में रहता है। मंगलवार को वह रायपुर से अपने गृहग्राम भदोही जाने के लिए कार से निकला था। सुबह लगभग 7.30 बजे अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाइवे क्रमांक-130 में थाना क्षेत्र के कुंवरपुर डेम मोड़ के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर करीब 40 फिट नीचे गड्ढे में कई बार पलटी खाते हुए गिर गई। कार के चारों चक्के ऊपर हो गए। हादसे के बाद अभिषेक पांडेय कार में ही फंसा रह गया। राहगीरों की नजर गहराई में गिरी कार पर पड़ी और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी, और गहराई में उतरकर काफी जद्दोजहद के बीच दुर्घटनाग्रस्त वाहन से युवक को बाहर निकाला गया। हादसे में युवक के सिर व चेहरे में गंभीर चोटें आई हैं। जख्मी हालत में युवक को निकालने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। घायल को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर लाया गया, यहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है। बता दें कि, लखनपुर का कुंवरपुर मोड़ आए दिन कई दुर्घटनाओं का गवाह बनता है। यहां सड़क के किनारे रेलिंग नहीं होने से तेज रफ्तार कार सहित कई वाहन गहरी खाई में गिर जाती है, और लोग दुर्घटना का शिकार होते हैं।

Categorized in: