साइबर सेल की टीम ने एक घंटे के भीतर वापस दिलाया

अंबिकापुर। झारखंड से अंबिकापुर आए यात्री का जेवर एवं नकदी रकम से भरा बैग बस में ही छूट गया था, जिसे साइबर सेल की टीम ने एक घंटे के भीतर वापस दिलाया।

जानकारी के मुताबिक, श्रवण सिंह पिता स्व. परमेश्वर सिंह, निवासी ग्राम कजरी, थाना पड़वा मोड़ जिला पलामू झारखंड अपनी पत्नी के साथ गढ़वा रोड से अंबिकापुर बस में आ रहे थे। अंबिकापुर पहुंचने के बाद वे अपने परिवार के साथ बस से उतर गए। बस के जाने के कुछ देर बाद उन्हें पता चला कि उनकी पत्नी का लेडीज हैंड बैग बस में ही छूट गया है, जिसमें सोने के आभूषण, नकद राशि एवं मोबाइल भी है। इसकी जानकारी मिलने पर प्रभारी साइबर सेल अंबिकापुर, सहायक उप निरीक्षक अजीत कुमार मिश्रा एवं साइबर सेल की टीम द्वारा तत्परता से बस को तलाशते रास्ते में रुकवाया और चेक किया तो हैंड बैग बस में रखा पाया गया, जिसमें सोने का मंगलसूत्र, चैन, कान का सोने का बाली, नगदी 10 हजार रुपये एवं मोबाइल फोन था, इसे साइबर सेल अंबिकापुर के प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान एवं आरक्षक राहुल केरकेट्टा के द्वारा यात्री को वापस किया गया।

Categorized in: