अंतर्राष्ट्रीय मातृ दिवस के दिन सूरजपुर जिला के गजाधरपुर में हुई घटना, आरोपी गिरफ्तार

अंबिकापुर। अंतर्राष्ट्रीय मातृ दिवस के मौके पर जहां एक ओर लोग इंटरनेट मीडिया सहित अन्य माध्यमों से अपनी मां के प्रति अपनी भावनाओं को व्यक्त कर रहे थे, वहीं ग्रामीण क्षेत्र का एक युवक घर में रखे छड़ को बेचकर शराब पीने की बात को लेकर नाराजगी जाहिर की मां पर पत्थर के लोढ़ा से हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर जिला के लटोरी पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम गजाधरपुर, दर्रीपारा की फलेन बाई पति स्व. ईश्वर प्रसाद 50 वर्ष, 10 मई को घर में पोती और बड़े पुत्र डिगम्बर प्रसाद के साथ थी। इसी दौरान फलेन ने अपने पुत्र डिगम्बर प्रसाद से घर में रखे छड़ को बेचकर शराब पीने की बात कही, जो उसे नागवार लगा और पत्थर के लोढ़ा से मां के सिर में वार कर दिया, जिससे खून निकलने लगा और वह जमीन पर लुढ़क गई। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, और आरोपी पुत्र घर से बाहर निकल गया। इसकी सूचना मजदूरी करने के लिए ग्राम सम्बलपुर गए पीड़िता के पुत्र नुमेश कुमार को पड़ोसी रामेश्वर सिंह ने दी और जल्दी से घर आ जाने के लिए कहा। नुमेश घर पहुंचा, तो उसकी मां जमीन पर पड़ी थी, उसके सिर में चोट का निशान था, जिससे खून निकल रहा था। पास ही पत्थर का लोढ़ा पड़ा था, जिसमें खून लगा था। स्वजन उसे स्वयं के वाहन से मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाकर भर्ती कराए थे, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। स्थानीय पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। महिला की मौत के बाद स्वजन के रिपोर्ट पर लटोरी चौकी पुलिस, आरोपी पुत्र के विरूद्ध मामले में हत्या का अपराध दर्ज करेगी।

Categorized in: