रायपुर से आने के बाद परिवार के साथ युवक गया था नदी में नहाने

अंबिकापुर। कोतवाली थाना अंतर्गत घुनघुट्टा नदी में डूूबने से मामा-भांजी की मौत हो गई। शनिवार को युवक, अपनी पत्नी व बच्चों के साथ घुनघुट्टा नदी में नहाने के लिए गया था और बच्चों को डूबते देखकर उन्हें बचाने के लिए नदी में उतरा। युवक ने दो बच्चों को बचा लिया, डूब रही भांजी को बचाते हुए वह स्वयं नदी की गहराई में चले गया। शाम को दोनों का शव नदी से बाहर निकाला गया। हादसे में दो परिवारों की खुशियां छिन गई, और मातम का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, नमनाकला अंबिकापुर निवासी ईश्वर सोनी की पुत्री सिन्नी सोनी 11 वर्ष, रायपुर में पढ़ाई करती है। गर्मी की छुट्टी होने पर इन्हें लेने के लिए मामा विनीत सोनी 40 वर्ष, रायपुर गए थे। वह अपनी मां एवं मामा के साथ शनिवार को सुबह ही अंबिकापुर लौटी थी। शनिवार को करीब 2.30 बजे परिवार के सदस्यों ने नहाने के लिए घुनघुट्टा नदी में जाने का प्लान बनाया। इसके बाद विनीत सोनी, उनकी पत्नी, दो बच्चे एवं भांजी सिन्नी सोनी कार में सवार होकर बिलासपुर रोड स्थित घुनघुट्टा नदी में पहुंचे। विनीत के दोनों बच्चे एवं भांजी सिन्नी सोनी नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। इन्हें डूबते देखकर विनीत सोनी भी पानी में कूदे, और अपने दोनों बच्चों को खींचकर बाहर निकालने में सफल हो गए। डूब रही भांजी सिन्नी सोनी को बचाने के लिए विनीत दुबारा नदी में गए, लेकिन तब तक सिन्नी पानी के गहराई की ओर चली गई थी, उसे बचाने की कोशिश करते वे स्वयं गहरे पानी में समा गए। पति को नदी की गहराई में ओझल होले देखकर विनीत की पत्नी ने शोर मचाकर लोगों का ध्यान इस ओर आकृष्ट करने का प्रयास किया और मोबाइल फोन से इसकी सूचना स्वजन को दी। शोर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया। इस बीच इनके परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए थे। दोनों को शहर के एक निजी अस्पताल में लाया गया, यहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना से पूरा परिवार सदमे में है। दोनों के शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रखवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घुनघुट्टा नदी में नहाने के दौरान पहले भी डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं। 

Categorized in: