जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष के नेतृत्व में कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

अंबिकापुर। शहर के मध्यस्थल में मुकेश प्लास्टिक एवं पटाखा दुकान में भीषण आगजनी की घटना में प्रभावित लोगों के मुआवजा एवं उपरोक्त संस्थान के विरुद्ध तत्काल कानूनी कारवाई की मांग को लेकर शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में कांग्रेस ने कलेक्टर सरगुजा को ज्ञापन सौंपा। 23 अप्रैल की दोपहर अंबिकापुर शहर के सघन आबादी वाले रिहायशी क्षेत्र में स्थित मुकेश प्लास्टिक और पटाखा दुकान में भीषण आगजनी हुई थी। संकरी गली में स्थित इस संस्थान के द्वारा भारी मात्रा में पटाखों का अवैध भंडारण किया गया था। इसके अतिरिक्त इस भवन का उपयोग प्लास्टिक के वस्तुओं के भंडारण के लिए किया जा रहा था। बेहद ज्वलनशील इन पदार्थों में हुई आगजनी के कारण न केवल यह संस्थान पूरी तरह तबाह हो गया, साथ ही पास-पडो़स के कई आवासीय एवं व्यवसायिक संस्थानों को गंभीर क्षति भी हुई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष के साथ ज्ञापन सौंपने जाने वालों में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धंजल, विनीत विशाल जायसवाल, जमील खान, आशीष वर्मा, चंद्रप्रकाश सिंह, अमित सिंह, दिनेश शर्मा, परवेज आलम गांधी मौजूद थे।

आपराधिक प्रकरण दर्ज करके करें गिरफ्तारी

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है, आरोपी संस्थान के विरुद्ध तत्काल आपराधिक प्रकरण दर्ज करके संचालकों की गिरफ्तारी की जाये। उन्होंने कहा है कि मुकेश प्लास्टिक और पटाखा जैसे कई लाक्षागृह इस शहर में मौजूद हैं, उनकी पहचान कर इन्हें शहर से बाहर निकाला जाये। अपनी सबसे महत्वपूर्ण मांग के रुप में उन्होंने कलेक्टर से आग्रह किया है कि, एक विशेषज्ञ की टीम गठित कर इस आगजनी में प्रभावित परिवारों के मुआवजा का निर्धारण करवाकर समय-सीमा के भीतर मुआवजे का वितरण दोषी संस्थान के संचालकों से करवाया जाये।

व्यवसायी के साथ अपने संबंधों को निभा रहे मंत्री

प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के द्वारा इस मामले में की गई बयानबाजी पर आपत्ति करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा है कि उन्हें इस शहर की जनता ने अपना जनप्रतिनिधि चुना है, न कि मुकेश प्लास्टिक और पटाखा वाले संचालक ने। उन्हें शहर की जनता के प्रति अपने उत्तरदयित्वों का न केवल निर्वाह करना चाहिये बल्कि ऐसा करते हुए स्पष्ट रुप से दिखना भी चाहिये। ऐसा करने के बजाय वे एक दोषी व्यवसायी के साथ अपने संबंधों को निभा रहे हैं, जो खेदजनक है।

दमकल व्यवस्था दुरुस्त की जाये

कांग्रेस ने अपने ज्ञापन में मांग की है कि, अंबिकापुर शहर की बढ़ती आबादी, भवनों की ऊंचाई, मार्गो एवं गलियों की चौड़ाई को देखते हुए दमकल विभाग को संसाधन उपलब्ध कराया जाये। दमकल विभाग के कर्मचारियों को अग्निरोधी वस्त्र एवं उपकरण उपलब्ध कराया जाये। शहर के प्रमुख स्थानों पर दमकल विभाग के वाहनों में पानी भरने के लिये उचित प्वाईंट का निर्माण हो। दमकल विभाग में कार्यरत कर्मचारियों का नियमितिकरण करने के साथ ही उनके वेतन एवं सेवा शर्तों में सुधार किया जाये।

Categorized in: