बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने छत्तीसगढ़ के यात्रियों के लिए एक बड़ा अपडेट दिया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने कहा है कि अकलतरा स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य के कारण 8 से 10 अप्रैल के बीच रद्द की गई 12 पैसेंजर और मेमू ट्रेनों को फिर से शुरू कर दिया है जिससे रायपुर, बिलासपुर और गोंदिया रूट के यात्रियों को राहत मिलेगी। इसके साथ ही गर्मी के लिए पटना-चर्लपल्ली और तिरुपति-रक्सौल जैसी समर स्पेशल ट्रेनें भी चलेंगी। हालांकि 11 से 27 अप्रैल के बीच कुछ ट्रेनें अभी भी रद्द रहेंगी।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने कहा है कि 8 से 10 अप्रैल के बीच रद्द 12 पैसेंजर और मेमू ट्रेनों को दोबारा चालू कर दिया है। फैसले से रायपुर, गेवरारोड, बिलासपुर, रायगढ़, झारसुगुड़ा और गोंदिया रूट पर सफर करने वाले लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। दरअसल, बिलासपुर मंडल के अकलतरा स्टेशन पर चौथी लाइन जोड़ने का काम चल रहा है। इसी के तहत नॉन-इंटरलॉकिंग काम के कारण रेलवे को कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा था। अब इन ट्रेनों को फिर से बहाल कर दिया गया है। ये गाड़ियां अपने तय समय पर चलेंगी। रेलवे ने कहा है कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ही ट्रेनों को दोबारा शुरू किया गया है। साथ ही निर्माण का काम तेजी से पूरा करने की कोशिश की जा रही है ताकि भविष्य में बेहतर रेल सुविधाएं मिल सकें।

चलेंगी समर स्पेशल ट्रेने
रेलवे ने यात्रियों के लिए समर स्पेशल ट्रेनों की भी व्यवस्था की है। पटना-चर्लपल्ली-पटना समर स्पेशल ट्रेन 8 अप्रैल से शुरू हो रही है। इसको 15-15 फेरों के लिए चलाया जाएगा। तिरुपति-रक्सौल-तिरुपति के बीच भी सात फेरों के लिए स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। यह ट्रेन 13 अप्रैल से 25 मई तक तिरुपति से हर सोमवार और 16 अप्रैल से 28 मई तक रक्सौल से हर गुरुवार को रवाना होगी। यह ट्रेन 24 कोच वाली होगी। यह बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और गोंदिया जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इससे यात्रियों को कंफर्म बर्थ मिलने में आसानी होगी।

बिलासपुर जोन की कुछ पैसेंजर ट्रेनें रहेंगी रद्द
रेलवे की ओर से साझा की गई एक अन्य जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर जोन की कुछ पैसेंजर ट्रेनें 11 से 27 अप्रैल के बीच अलग-अलग तारीखों में रद्द रहेंगी। यात्रियों से आग्रह है कि वे यात्रा से पहले अपनी गाड़ी के बारे में जानकारी जुटा लें।

11 अप्रैल से 27 अप्रैल के बीच कुछ ट्रेने होंगी रद्द
रेलवे के अनुसार बिलासपुर रेलवे जोन की 10 पैसेंजर ट्रेनें 11 अप्रैल से 27 अप्रैल के बीच अलग-अलग तारीखों में रद्द रहेंगी। इसका असर खासतौर पर रायगढ़, कोरबा और गेवरा रोड से बिलासपुर व रायपुर आने-जाने वाले यात्रियों पर पड़ेगा।

एक्सप्रेस ट्रेनें भी होंगी प्रभावित
कुछ प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें जैसे छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, गोंडवाना एक्सप्रेस और समता एक्सप्रेस भी 27 अप्रैल तक अलग-अलग तारीखों में प्रभावित रहेंगी। गोंदिया स्टेशन पर नए ट्रैक बिछाने और बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में चौथी लाइन के निर्माण के चलते इन ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहा है।

रोजाना यात्रियों की सुविधा के लिए किए इंतजाम
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ नए इंतजाम किए हैं। इसके तहत 16 से 27 अप्रैल तक कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस को कोरबा और बिलासपुर के बीच पैसेंजर ट्रेन की तरह चलाया जाएगा ताकि रोज सफर करने वाले लोगों को राहत मिल सके।

ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों की बढ़ी थी परेशानी
हाल ही में ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। वहीं रोजाना सफर कर रहे यात्रियों ने भी इस पर नाराजगी जताई थी। अब रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों को फिर से शुरू करने का फैसला लिया है।

 

Categorized in: