अंबिकापुर। पुलिस की लापरवाही ने बाइक सवार सीआईएसएफ जवान की जान ले ली। मंगलवार की रात करीब 9 बजे नेशनल हाइवे क्रमांक- 130 पर लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रजपुरीकला स्थित अमेरा कोल खदान गेट के पास एक दिन पहले से खड़े दुर्घटनाकारी ट्रक से लटकी रस्सी में सीआईएसएफ जवान की बाइक फंस गई और वह सडक़ पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आस-पास के लोगों द्वारा उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। यहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीआईएसएफ जवान छुट्टी लेकर बाइक से घर जा रहा था।

जशपुर जिले के कांसाबेल का विनय टोप्पो पिता एल्विश टोप्पो 40 वर्ष सीआईएसएफ में कोरबा में पदस्थ था। वह मंगलवार को छुट्टी लेकर बाइक से अंबिकापुर आ रहा था। इसी बीच रात करीब 9 बजे लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रजपुरीकला स्थित मेन रोड अमेरा कोल खदान गेट के पास पहले से खड़े ट्रक सीजी 04 पीजी 1900 में निकली रस्सी में फंसकर सडक़ पर जा गिरा।

ट्रक एक दिन पूर्व ही दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसे वहां से हटाया नहीं गया था। इधर हादसे में सीआईएसएफ जवान गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाया गया। यहां जांच पश्चात डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जिस ट्रक से सीआईएसएफ जवान की मौत सड़क हादसे में हुई, उसी ट्रक से एक दिन पूर्व सोमवार को टकराकर बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई थी। दुर्घटना के बाद पुलिस ट्रक को एनएच से नहीं हटाया था, जो कि दुर्घटना का पुन: कारण बना। दो दिन के अंदर दूसरी घटना व पुलिस की लापरवाही पर स्थानीय लोगों में आक्रोश है।

Categorized in: