एनएसयूआई ने संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय का घेराव करके कुलपति को ज्ञापन सौंपा

अंबिकापुर। छात्रसंघ चुनाव को लेकर सोमवार को एनएसयूआई के सरगुजा, सूरजपुर और मनेन्द्रगढ़ जिला संगठन ने अपने-अपने अध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय अध्यक्ष के संयुक्त नेतृत्व में संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय का घेराव कर कुलपति को ज्ञापन सौंपा है। इसमें उल्लेख है कि छत्तीसगढ़ के महाविद्यालयों में विगत 8 वर्षों से छात्रसंघ का चुनाव नहीं हो रहा है। छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर एनएसयूआई पूरे प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन कर रहा है। 25 मार्च को प्रेसवार्ता के उपरांत एनएसयूआई ने 30 मार्च को छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा था। मांग पूरी नहीं होने पर 6 अप्रैल को पूरे छत्तीसगढ़ की तरह अंबिकापुर में भी विश्वविद्यालय का घेराव किया गया। आंदोलन के आगामी चरण में एनएसयूआई प्रदेश की राजधानी में घेराव, धरना और प्रदर्शन करेगी। विश्वविद्यालय भवन के मुख्य द्वार पर एनएसयूआई का घेराव 2 घंटे चला।

छात्रसंघ चुनाव को लेकर एनएसयूआई के सरगुजा जिला अध्यक्ष आशीष जायसवाल, सूरजपुर जिला अध्यक्ष आकाश साहू, मनेन्द्रगढ़ जिला अध्यक्ष मो. कासिम एवं संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय अंबिकापुर के अध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता ने संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा कि छात्रसंघ चुनाव आयोजित नहीं करके सरकार छात्रों के लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व के अधिकार को समाप्त कर रही है। छात्रसंघ चुनाव के माध्यम से चुने गए प्रतिनिधयों के माध्यम से छात्रों की जायज मांग को सरकार के समक्ष रखा जाता था। छात्रसंघ चुनाव को समाप्त कर भाजपा की यह निरंकुश सरकार उस छात्र राजनीति को समाप्त कर देना चाहती है जो छात्रों के साथ ही देश के आमजन की समस्याओं को भी आवाज देता था। छात्र नेताओं ने आरोप लगाया है कि छात्रसंघ चुनावों पर रोक देश की लोकतांत्रिक मूल्यों को समाप्त करने की दिशा में ही एक कदम है। विश्वविद्यालय के कुलपति को ज्ञापन देने के उपरांत घेराव समाप्त हुआ। मामले में संत गहिरा गुरू विश्वविद्यालय के कुलपति ने अपनी ओर से उचित औपचारिक पहल का आश्वासन दिया है। इस दौरान बड़ी संख्या में एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं के साथ ही छात्रों की मौजूदगी रही।

Categorized in: