संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम, जीरो टालरेंस नीति के तहत कर रही लगातार कार्रवाई

अंबिकापुर। रायगढ़ एवं जशपुर जिले के दो गांजा सप्लायरों को सरगुजा के राधापुर बैरियर के पास 14 किलो गांजा के साथ संभागीय आबकारी उड़नदस्ता ने गिरफ्तार किया है। नशे के सौदागरों पर उड़नदस्ता टीम जीरो टॉलरेंस की नीति पर निरंतर कार्रवाई कर रही है। जिला आबकारी अधिकारी इंद्रबली सिंह मार्कण्डेय के मार्गदर्शन व सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में आबकारी उड़नदस्ता टीम की लगातार चल रही कार्रवाई से नशा का कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम को 03 अप्रैल की शाम को मुखबिर से सूचना मिली कि रायगढ़ एवं जशपुर जिला के सप्लायर थाना सीतापुर अंतर्गत राधापुर बेरियर के आस-पास भारी मात्रा में गांजा की सप्लाई करने वाले हैं। सूचक ने बताया था कि इनमें से एक के पास सफेद रंग की पल्सर बाइक क्रमांक सीजी 13 बीबी 9565 है। उड़नदस्ता की टीम देर शाम से ही सिविल ड्रेस में राधापुर बैरियर के आस-पास घेराबंदी करके निगरानी में लगी थी। रात्रि 9 बजे के आसपास दो पल्सर बाइक में 5 लोग राधापुर बैरियर से बनेया रोड में सुनसान जगह पर जाकर खड़े हुए। आबकारी उड़नदस्ता की टीम चारों तरफ से आगे बढ़ी, और अचानक सभी बाइक सवार भागने लगे। रात्रि का फायदा उठाकर तीन लोग भाग गए, दो लोग पकड़ में आ गए। इन्होंने अपना नाम टिकेश्वर यादव निवासी लैलूंगा जिला रायगढ़ तथा खिलेश्वर यादव निवासी राजाआमा जिला जशपुर बताया। भागने वाले आरोपियों का नाम दीनू यादव, किशोर पैकरा एवं प्रदीप यादव बताया गया, जो राजाआमा, थाना बागबहार, जिला जशपुर के रहने वाले हंै। पकड़ में आए युवकों के पास पि_ू बैग था, जिसमें 7-7 पैकेट गांजा, 14 किलो मादक पदार्थ गांजा मिला। इसे जब्त करके एनडीपीएस एक्ट की धारा 20-सी के तहत कार्रवाई की गई। जप्त किए गए गांजा की कीमत लगभग तीन लाख रुपये है। कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी के साथ मुख्य आरक्षक कुमारू राम, अशोक सोनी, नगर सैनिक रणविजय सिंह, महिला सैनिक चंद्रावती एवं नीरज चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

छत्तीसगढ़ में महंगे रेट में बेचकर कमा रहे मुनाफा
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि जशपुर एवं रायगढ़ जिला गांजा की तस्करी के लिए और ओड़िशा राज्य गांजा की खेती के लिए कुख्यात है। दोनों जिले का बॉर्डर ओड़िशा राज्य से लगा हुआ है। रायगढ़ और जशपुर जिले के कुछ लोग इसी बॉर्डर का फायदा उठाकर गांजा का धड़ल्ले से व्यापार करते हैं। उड़ीसा में गांजा बहुत सस्ता है, इसे छत्तीसगढ़ में महंगे रेट में बेचकर काफी मुनाफा कमाते हैं।

 

Categorized in: