अंबिकापुर। कलेक्टर बंगला के पीछे प्रतापपुर रोड में स्थित किराना दुकान का ताला तोडक़र चोरों ने 10 हजार रुपये नकद और 20 हजार रुपये से अधिक का सिगरेट पार कर दिया। चोरों की करतूत सीसीटीव्ही में कैद हो गई है। घटना की सूचना कोतवाली थाना में दी गई है, जिस पर पुलिस अग्रिम जांच कार्रवाई कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, एक अप्रैल की रात करीब 9.15 बजे रोजाना की भांति दुकान बंद करके संचालक का पुत्र कुछ फासले पर स्थित घर चले गया था। देर रात पहुंचे दो चोरों ने मुख्य मार्ग से लगे दुकान के साइड शटर का ताला सडक़ बत्ती के उजाले में आसपास घूमते-फिरते तोड़ा और देर रात दो से सवा तीन के बजे के बीच दुकान के अंदर घुसा। इस बीच साथी चोर बाहर ही घूमते संभवत: आसपास के घरों की रेकी कर रहा था। कुछ देर बाद दोनों चोर काउंटर में रखे नकद रकम और करीब 20 हजार रुपये कीमत का सिगरेट का पूड़ा समेटकर दौड़ते भाग गए। सुबह दुकान खोलने के लिए पहुंचे दुकान संचालक ने शटर का ताला टूटा देखा तो उसके होश उड़ गए। इसकी जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को देने के बाद जब वह दुकान का शटर खोला तो अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। काउंटर में रखे चिल्हर और नोट, सिगरेट का स्टॉक गायब था। दुकान संचालक रजत गोयल ने घटना की जानकारी कोतवाली थाना पुलिस को दी है, जिस पर पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और सीसीटीव्ही का फुटेज हासिल करके अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है।

Categorized in: