ग्रामीण व जंगली जानवर की मौत के मामले में 6 गिरफ्तार, गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज

अंबिकापुर। गैर इरादतन हत्या के मामले में थाना कमलेश्वरपुर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला तारंगित तार के संपर्क में आने से युवक की मौत का है। जंगली सुअर फंसाने के लिए अवैध हुकिंग कर लगाए गए तरंगित तार में फंसने से एक युवक और जंगली जानवर की मृत्यु हुई थी। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बास का डंडा और तार पुलिस ने जप्त किया है।

जानकारी के मुताबिक जयप्रकाश यादव निवासी चापकछार तेंदुपारा, कापू रायगढ़ ने 25 मार्च को थाना कमलेश्वरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उसके जीजा मिश्रालाल यादव, उसे एवं अन्य को रवई दिखाने बडेरा जंगल लेकर गए थे। मिश्रालाल यादव आगे-आगे चल रहे थे, जो अचानक गिरकर छटपटाने लगे। इस दौरान उनके शरीर में नंगा तार लपटा हुआ था, और धुआं एवं आग निकल रहा था, विद्युत करेंट प्रवाहित तार को किसी अज्ञात व्यक्ति ने जंगली सुअर मारने के लिए लगाया था, जिसके चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। वापस गांव जाकर उन्होंने मिश्रालाल यादव के पिता को घटना के बारे में बताया। मामले में थाना कमलेश्वरपुर में धारा 105 बी.एन.एस. 135 विद्युत् अधिनियम का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। मामले को संज्ञान में लेकर डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने पुलिस टीम को त्वरित कार्रवाई करके प्रकरण के आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने और वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।

पुलिस टीम ने विवेचना के दौरान प्रकरण में शामिल जयपाल तिर्की पिता स्व. रूपसाय तिर्की 46 वर्ष, विश्वनाथ मांझी पिता स्व. कमल मांझी 37 वर्ष, धुरसाय मांझी पिता स्व. सुन्दर मांझी 35 वर्ष, श्याम सुन्दर कुजूर पिता निर्मल उर्फ गेद्दा कुजूर 29 वर्ष, निर्मल उर्फ गेद्दा कुजूर पिता स्व. सोनसाय कुजूर 57 वर्ष व जहूर साय पिता स्व. नान साय 66 वर्ष सभी निवासी असकरा, थाना कमलेश्वरपुर को हिरासत में लिया और पूछताछ की तो इन्होंने जंगली सुअर का शिकार करने के लिए बिजली खम्भे से अवैध हुकिंग कर तरंगित तार लगाना स्वीकार किया। इन्होंने बताया कि घुरसाय, विश्वनाथ एवं श्याम सुन्दर तीनों लकड़ी के खूंटी को पूरे जंगल में लगाए एवं जयपाल तिर्की, जहूर साय एवं निर्मल बिजली के खंभे से तार को पूरे खूंटी में लगाए थे और बिजली के खंभे से वायर को हुक बनाकर जोड़कर सुअर फंसने का इंतजार करने लगे। रात करीब 9 बजे गांव में बिजली चला गया, और जंगल में कई टार्च का प्रकाश दिखने और सड़क तरफ से मोटरसायकल में आते लोगों को देखकर आरोपी पकड़ाने के डर से वापस अपने-अपने घर चले गए। रात में ही गांव में हल्ला हो गया था, कि बिजली करंट के चपेट में आने से किसी व्यक्ति की मौत हो गई है। पुलिस टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायालय के समक्ष पेश किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी कमलेश्वरपुर निरीक्षक मनोज कुमार प्रजापति, सहायक उप निरीक्षक बबलू कुजूर, आरक्षक अर्जुन पैकरा, बरन सिंह, लुकान निकुंज, अमित कुमार, सूरज राठिया एवं वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय रहे।

Categorized in: