लखनपुर। थाना क्षेत्र के अमेरा कोयला खदान से कोयला चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देशन में कोयला चोरों के बुलंद हौसलों को तोड़ने की कोशिश अनवरत जारी है। गिरफ्त में आया आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर संगठित गिरोह बनाकर कोयला चोरी की घटना को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसायकल एवं कोयला खदान से चोरी किया गया लगभग 2.5 टन कोयला बरामद किया है। मामले में अन्य आरोपी फरार हंै, जिनके तलाश में पुलिस लगी है।

बता दें कि थाना लखनपुर स्थित अमेरा कोयला खदान में कुछ व्यक्तियों के द्वारा संगठित गिरोह बनाकर कोयले की चोरी एवं तस्करी करने की सूचना प्राप्त हुई थी। मामले कों संज्ञान में लेकर डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल द्वारा थाना लखनपुर पुलिस टीम को मौके पर जाकर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में थाना लखनपुर पुलिस टीम द्वारा मामले में शामिल आरोपी आनंद राम केवट पिता सुखराम केवट 36 वर्ष, निवासी पुहपुटरापारा चिलबिल को गिरफ्तार किया है, जिसने पूछताछ में अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर संगठित गिरोह बनाकर प्रतिबंधित क्षेत्र से कोयला चोरी करना स्वीकार किया है। साथ ही खदान से चोरी किए गए अवैध कोयले को अपने घर में छिपाकर रखना बताया। आरोपी के निशानदेही पर चोरी किया गया करीब 2.5 टन कोयला व मोटरसायकल बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 01 लाख रुपये है। आरोपी को गिरफ्तार करके न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी लखनपुर उप निरीक्षक सम्पत पोटाई, प्रधान आरक्षक देवनारायण सिंह, प्रवीण तिवारी, आरक्षक दशरथ राजवाड़े सक्रिय रहे।

Categorized in: