अंबिकापुर। नकदी एवं मोबाइल झपटमारी के मामले में फरार आरोपी को दरिमा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने मामले में पूर्व में 02 आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन जब्त किया है।

जानकारी के मुताबिक दरिमा थाना क्षेत्र के मोहनपुर पटेलपारा निवासी बुचन राम नागेसिया ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 30/12/25 को वह अपने ससुराल पहाड़पारा से 10 हजार रुपये एवं वीवो कंपनी का मोबाइल थैला में रखकर पैदल घर जाने के लिए निकला था, शाम को करीबन 4 बजे महेशपुर जंगल के पास मोहनपुर की ओर से तीन व्यक्ति स्कुटी में सवार होकर आए और हाथ में रखे थैला को झपटकर ले गए। रिपोर्ट पर थाना दरिमा में धारा 304(2), 3(5) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध करके पुलिस ने विवेचना में लिया था। पुलिस टीम द्वारा मामले में कार्रवाई करते हुए 02 आरोपी नागेश्वर पैकरा उर्फ डोडू एवं खुशबू यादव को गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा में भेजा था। मामले में फरार आरोपी के तलाश में पुलिस लगी थी। पुलिस टीम के सतत प्रयास से फरार आरोपी मनीष उर्फ पतों उर्फ लक्ष्मण यादव पिता चक्रधारी यादव 21 वर्ष निवासी वंदना यादवपारा थाना सीतापुर पुलिस के हाथ लग गया। पूछताछ में वह घटना में शामिल रहना स्वीकार किया। आरोपी को गिरफ्तार करके पुलिस ने न्यायालय के समक्ष पेश किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी दरिमा निरीक्षक राजेश खलखो, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक सुजीत पाल, शत्रुधन सिंह, भोजराज पासवान, आरक्षक शेरशाह मिंज, अशोक कुमार, जितेश साहू सक्रिय रहे।

Categorized in: