पुलिस ने घटना के बाद भागे आरोपी को सनावल थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया

अंबिकापुर। सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सरहरी में साले की शादी में ससुराल आए एक युवक ने आधी रात को पत्नी, साली और उसकी मासूम बेटी पर हथौड़े से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में पत्नी की मौत हो गई, जबकि साली की हालत गंभीर है। मासूम बच्ची का इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी को सनावल थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, यशोदा कुशवाहा (35) पति गणेश कुशवाहा, निवासी ग्राम रेवटी थाना चंदौरा, अपने भाई सुरेश की शादी में पति और बेटी के साथ ग्राम सरहरी आई थी। 20 फरवरी को बारात लौटने के बाद अधिकांश रिश्तेदार चले गए थे, यशोदा अपने पति व बेटी के साथ रुक गई थी। रात करीब 2 बजे गणेश कुशवाहा उठा और कमरे में सो रही पत्नी यशोदा के सिर पर हथौड़े से हमला कर दिया। इसके बाद वह दूसरे कमरे में गया और वहां सो रही साली गंगोत्री और उसकी बेटी पिंकी पर भी वार कर दिया। अचानक हुई इस घटना से घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन जब कमरे में पहुंचे तो तीनों गंभीर हालत में खून से लथपथ पड़े थे। इन्हें प्रतापपुर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। स्वजन तीनों को अंबिकापुर स्थित होलीक्रॉस अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने यशोदा को मृत घोषित कर दिया। गंगोत्री की हालत गंभीर होने पर उसे रायपुर रेफर किया गया है। मासूम पिंकी का इलाज होलीक्रॉस अस्पताल में चल रहा है। वारदात के बाद आरोपी गणेश कुशवाहा फरार हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही प्रतापपुर पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी को बलरामपुर जिले के सनावल थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, और घरेलू विवाद की आशंका जताई जा रही है।

 

Categorized in: